सिरसा। शिक्षा विभाग ने चिराग योजना के तहत गरीब श्रेणी के विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए निजी स्कूलों से सीटों का ब्योरा मांगा है। निजी स्कूलों को 10 फरवरी तक विभाग के पोर्टल पर सीटों का ब्योरा दर्ज करना होगा। जिले में करीब 250 निजी स्कूल हैं, जिन्हें सीटों को ब्योरा देना है।
बता दें कि इन सीटों के हिसाब से चिराग योजना के तहत जिले के सरकार स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी निजी स्कूलों में दाखिल ले सकते हैं। जिसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। मान्यता प्राप्त निजी स्कूल चिराग योजना के तहत विद्यार्थियों का दाखिला करने बारे अपनी सहमति विभाग की वेबसाइट पर 10 फरवरी तक दर्ज करवा सकते हैं। निजी स्कूलों को कक्षा अनुसार सीटों का विवरण 10 मार्च से नोटिस बोर्ड पर लगाना भी अनिवार्य होगा।
15 से 31 मार्च तक सकते हैं आवेदन
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी निजी स्कूलों में सीटों के हिसाब से 15 मार्च से लेकर 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। कक्षा तीसरी से लेकर बारहवीं तक के जरूरतमंद इच्छुक विद्यार्थी निजी स्कूलों में दाखिला ले सकते हैं। चिराग योजना के तहत आवेदन करने के लिए बच्चे के अभिभावकों की सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक या इससे नीचे होनी चाहिए। इसके अलावा शैक्षणिक वर्ष में अपनी शिक्षा सरकारी विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए। विद्यार्थी दाखिले के लिए केवल उसके वर्तमान खंड, जिसमें वह पढ़ रहे हैं, उसी खंड के मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध सीटों पर दाखिले के लिए पात्र होंगे। वह खंड में एक से अधिक विद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
1 से 5 अप्रैल तक निकालेंगे ड्रॉ
जिन विद्यालय में सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे, उस स्थिति में दाखिल हेतु ड्रॉ निकालेंगे। वहीं मान्यता प्राप्त निजी स्कूल 1 अप्रैल से लेकर 10 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया संपन्न करेंगे। वहीं विद्यालयों को छात्रों की सूची विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगानी अनिवार्य होगी। वेटिंग कर रहे विद्यार्थियों के दाखिले 15 अप्रैल तक किए जाएंगे।
निजी स्कूलों में दाखिले के लिए ये मापदंड जरूरी
- अभिभावकों की सालाना आय 1.80 तक या इससे नीचे होना जरूरी
- वहीं विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने गत शैक्षणिक वर्ष सरकारी स्कूल से पूरा किया होगा
- जिस खंड के स्कूल में विद्यार्थी पढ़ रहे है उसी खंड के निजी स्कूल में दाखिला लेना होगा
- एक से अधिक निजी स्कूल में आवेदन कर सकते हैं।
- विद्यार्थियों का दाखिले के अनुसार स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा।
- दाखिले के समय में विद्यार्थियों का परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
निजी स्कूलों में चिराग योजना के तहत सीटों का ब्योरा देने के लिए कहा गया है। सभी निजी स्कूल जो विद्यार्थियों को अपने स्कूल में दाखिला देना चाहते हैं, वे पोर्टल पर अपनी सीटों का ब्योरा भर सकते हैं।
-अमित मनहर, नोडल अधिकारी चिराग योजना, सिरसा।