सिरसा। डेंगू के कहर अब बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले भर में डेंगू के आठ नये केस सामने आए हैं। इतना ही नहीं जिले में उपचुनाव ड्यूटी में आए अर्द्धसैनिक बल के जवान भी डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। अब तक 26 जवान डेंगू चपेट में आ चुके हैं और 6 जवान अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इतना ही नहीं एक जवान की हालत गंभीर होने के कारण रेफर किया गया है। वहीं वीरवार रात को डेंगू से हलोपा नेता की 9 वर्षीय बेटी की मौत हो गई है। डेंगू के मामले बढ़ने पर डीसी अनीश यादव ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया और निर्देश जारी किए।
जिले में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मरीजों को देखते हुए शुक्रवार को उपायुक्त अनीश यादव ने नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तथा डेंगू की रोकथाम तथा रोगियों के इलाज के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों का हालचाल जानते हुए मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम जयवीर यादव, सीएमओ डॉ. मनीष बंसल व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सबसे पहले डेंगू मरीजों के लिए अलग से बनाएं गए वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टेस्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए और इसके लिए आमजन को भी जागरूक किया जाए। इसके साथ ही घरों में लारवा की जांच की जाए और जिन घरों, दफ्तरों, दुकानों में लारवा मिले उन्हें नोटिस दिया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। डेंगू की रोकथाम के लिए शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग के लिए भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों निर्देश दिए हैं। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड, बच्चों की नर्सरी आदि वार्डों का भी निरीक्षण करते हुए अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। नर्सरी में अंदर जाकर बच्चों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को गहनता से जांच की। उपायुक्त ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि कहीं पर भी पानी को एकत्रित न होने दें। कूलरों, टंकियों, होदियों, पशु-पक्षियों के बर्तनों को धोकर व सुखाकर कर ही प्रयोग करें ताकि लारवा न पनप सके।
26 जवान अब तक आ चुके है डेंगू की चपेट में, एक की हालत गंभीर
ऐलनाबाद उपचुनाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से दूसरे जिलों और राज्यों से कंपनियों को बुलाया गया है। जिन्हें शहर और गांवों की धर्मशाला और सरकारी स्कूलों में ठहराया गया है। अलग-अलग कंपनियों के 26 जवान अब तक डेंगू से ग्रस्त होने पुष्टि हो चुकी है। इनमें से अभी सात जवान नागरिक अस्पताल में भर्ती है। जबकि एक जवान को नागरिक अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। हालांकि छह जवानों का इलाज अभी नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
विधायक गोपाल के नजदीकी की बेटी की डेंगू से मौत
विधायक गोपाल कांडा के निकट सहयोगी वरिष्ठ हलोपा नेता इंद्रोश गुज्जर की बेटी की डेंगू के कारण मौत हो गई। नौ वर्षीय बच्ची का दो दिन पहले स्वास्थ्य बिगड़ा था। जिसके बाद उसे सिरसा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद हिसार में रेफर कर दिया गया। बच्ची की प्लेट्लेटस कम होने के कारण ब्लीडिंग होनी शुरू हो गई। जिसके कारण किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उपायुक्त ने सभी धर्मशाला और स्कूलों में फॉगिंग करवाने के दिए निर्देश
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अनीश यादव ने जवानों के साथ बातचीत की ओर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी धर्मशाला और सरकारी स्कूलों में फॉगिंग करवाने के भी निर्देश दिए। वहीं उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़ेे। साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार करने के भी निर्देश दिए हैं। जिले में शुक्रवार को आठ नए डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि अब तक 323 डेंगू मरीज मिल चुके है और पांच डेंगू आशंकितों की मौत हो चुकी है।
उपचुनाव में तैनात जवान को डेंगू होने पर उनका स्वास्थ्य जानते उपायुक्त अनीश यादव- फोटो : Sirsa
उपायुक्त के आदेशों के बाद जाट धर्मशाला में फोगिंग करते कर्मचारी- फोटो : Sirsa