सिरसा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) चुनावों के दौरान किए गए वादों के अनुसार सिरसा में नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेज खोले जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में निगरानी समिति ने एचएसजीएमसी अध्यक्ष को पत्र भेजकर वादों को अमल में लाने की अपील की है।
पत्र में डॉ. गुरचरण सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुखदेव सिंह, जसविंद्र सिंह, काश्मीर सिंह सहित अन्य सदस्यों ने लिखा है कि समिति ने चुनाव में 8 में से 9 सीटें जीती थीं और सिख संगत से कई वादे किए थे। अब संगत इन वादों को लागू करने की अपेक्षा कर रही है। घोषणापत्र के बिंदु संख्या 6 के तहत हरियाणा में पांच नर्सिंग/फार्मेसी कॉलेज खोलने की योजना थी।
समिति ने बताया कि सिरसा में भूमि की कोई कमी नहीं है। गुरुद्वारा 10वीं पातशाही के नाम पर 42 एकड़ भूमि एचएसजीएमसी के अधीन है। बाबा जगतार सिंह डेरा कार सेवा सिरसा ने भी इस परियोजना में सहयोग देने पर सहमति जताई है। समिति ने आग्रह किया है कि सिरसा में पहला नर्सिंग या फार्मेसी कॉलेज स्वीकृत किया जाए। इस मौके पर मिठू सिंह, बलदेव सिंह, बक्शीश सिंह, जगजीत सिंह, जीत सिंह, रविंद्र कुमार, जसबीर कौर, कर्मपाल कौर, इंद्रजीत कौर, इकबाल कौर सहित अनेक संगत सदस्य मौजूद रहे।