गांव जीवन नगर में तीन माह पहले इटली से लौटे एक युवक की सोमवार की सुबह घर में घुसकर तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। हत्या सुबह करीब छह बजे के नजदीक की गई है। पुलिस ने मृतक के भाई निहाल सिंह के बयान पर अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार दीदार सिंह का 28 वर्षीय पुत्र दयाल सिंह तीन माह पहले इटली से गांव लौटा था। हत्या को उस समय अंजाम दिया गया, जब उसके के माता-पिता कुछ दिन पहले भैणी साहिब गए हुए थे, और उसकी पत्नी संदीप कौर पशुओं के बाड़े में दूध निकालने के लिए गई थी। संदीप कौर ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को प्रात: छह बजे जब वह बाड़े से वापस लौटी तो देखा कि उसका पति बिस्तर पर बेसुध लेटा हुआ था और उसके सिर से खून बह रहा था, उसके सिर पर गहरे घाव थे। उसके शोर मचाने पर अन्य परिजन आए और उसे उपचार के लिए तुरंत रानियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले दयाल सिंह ने अपने मां बाप को फोन कर उनकी कुशलक्षेम पूछी थी और उसके बाद जब वह नहाकर अपने बेडरूम में गया तो उस पर हमला हो गया। इस सारी वारदात को आधे घंटे में अंजाम दिया गया। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीवननगर चौकी व रानियां थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलवाया और मौके से सबूत एकत्र किए। हमलावर इतने शातिर थे कि उन्होंने हत्या कर बेडरूम में लगे पंखे पर कपड़ा भी बांध कर छोड़ गए, ताकि लोगों को यह पता चला कि कि उसने सुसाइड करने का प्रयास किया है, लेकिन सिर पर लगे घाव से साफ पता चलता था कि उसकी हत्या की गई हैं। मृतक के घर की छत पर बिजली की तार पड़ी हुई मिली हैं, जिसे प्लास से काटा गया है और हत्या में तार का भी प्रयोग किया गया हैं। मृतक तीन भाइयों में से सबसे छोटा था और उसका एक बड़ा भाई कनाडा व दूसरा इटली में रहता हैं। उधर जीवन नगर चौकी प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई निहाल सिंह के बयान पर अज्ञात लोगों के हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं, मृतक के मां बाप को भी सूचित कर दिया है वे भी भैणी साहिब से रवाना हो चुके हैं।