सबसे सुरक्षित और पॉश क्षेत्र में शुमार हुडा सेक्टर 20 में लुटेरों ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के निवास के सामने सोमवार रात लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। दो लुटेरे हुडा निवासी विकास गुप्ता की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसकी कार लेकर फरार हो गए।
गुप्ता के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आए और उसे उपचार के लिए अस्पताल मेें दाखिल करवाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लूटपाट के शिकार विकास गुप्ता के बयानों पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हुडा सेक्टर 20 में मुख्य डाकघर के सामने मोबाइल शोरूम के मालिक विकास गुप्ता का मकान है। रोजाना की भांति विकास गुप्ता शोरूम बंद करके रात 10 बजे अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। हुडा सेक्टर 20 में एक नंबर कोठी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की है। विकास गुप्ता धीमी रफ्तार से कार चलाकर आ रहे थे। तंवर की कोठी से 50 कदम दूर सामने सड़क पर दो युवकों ने कार को रुकवाया।
युवकों ने विकास गुप्ता से माचिस मांगी और अचानक मिर्ची पाउडर आंखों में डाल दिया। इस हमले से गुप्ता सहम गए और युवकों ने उनको कार से बाहर धकेल दिया। इसके बाद दोनों लुटेरे कार में सवार होकर फरार हो गए।
विकास गुप्ता के चिल्लाने की आवाज सुनकर कुछ लोग घरों से बाहर आए। परिवार के लोग भी दौड़कर मेन सड़क पर पहुंचे और विकास गुप्ता को तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया। वारदात की सूचना मिलने पर हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वीटी करके चारों तरफ नाकाबंदी करवा दी, लेकिन लुटेेरों का कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को पुलिस ने विकास गुप्ता के बयान दर्ज किए।
पुलिस लाइन से सटा है पूरा क्षेत्र, रातभर होती है गश्त
हुडा सेक्टर 20 पार्ट वन क्षेत्र पुलिस लाइन से बिलकुल पीछे है। यहां सिरसा के बड़े कारोबारी और मोटी फर्मों के मालिकों के मकान हैं। एक नंबर कोठी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की है। पुलिस लाइन से सटा होने के चलते इस क्षेत्र को सबसे सुरक्षित माना जाता है और रातभर यहां पुलिस की गश्त रहती है।
इसके बावजूद लुटेरे तंवर की कोठी के बिलकुल पास वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे। लुटेरे वारदात को इतनी आसानी से अंजाम इसलिए दे सके, क्योंकि सिरसा की 90 प्रतिशत पुलिस को बैंकों, एटीएम, डाकघरों और सरकारी लेन-देन वाले सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा में लगाया गया है। ऐसे मेें ज्यादातर फोर्स रात को आराम करती है।
यह बोले पुलिस अधिकारी
लूट के शिकार विकास गुप्ता का बयान लेकर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज किया गया है। जहां पर वारदात हुई, उसके आसपास लगे सीसीटीवी की वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वारदात की गुत्थी सुलझाकर इसे अंजाम देेने वालों को गिरफ्त में लिया जाएगा।
अशोक कुमार, इंचार्ज हुडा चौकी सिरसा।