हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद में हुए ब्लाइंड मर्डर की पुलिस ने डेढ़ माह बाद गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण आरोपी के ससुराल में मृतक का आना जाना बताया जा रहा है। जिससे रंजिशन आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कोचिंग सेंटर संचालक की हत्या कर दी थी। इसके लिए मुख्य आरोपी ने अपने साथी को उसकी फोटो देकर रैकी करवाई थी और छह दिसंबर को उन्होंने पंजाब सिंह को वापस घर जाते हुए बीच रास्ते में गोलियां मार उसकी हत्या कर दी थी।
पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रणबीर सिंह निवासी बाहिया गांव करीवाला में शादीशुदा है। मृतक पंजाब सिंह का रणबीर सिंह के ससुराल में आना जाना था। जिसको लेकर रणबीर उस से रंजिश रखने लगा। इसी को लेकर रणबीर सिंह ने पंजाब सिंह को ठिकाने लगाने के लिए अपने एक अन्य साथी गुरविंद्र सिंह निवासी दमदमा के साथ योजना बनाई और एक अवैध पिस्तौल भी खरीदा। मुख्य आरोपी रणबीर सिंह ने अपने साथी गुरविंद्र सिंह को पंजाब सिंह की फोटो दिखाई। जिसके बाद गुरविंद्र उसकी रैकी करने लगा।
घटना के दिन जैसे ही पंजाब सिंह बाइक पर सवार होकर अपने गांव करीवाला जाने के लिए निकला तो दोनों आरोपियों ने कार से पीछा किया। गांव तलवाड़ा से दया सिंह ने थेहड़ क्षेत्र में पंजाब सिंह की बाइक के आगे कार लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्होंने पंजाब सिंह की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी रणबीर सिंह 12वी कक्षा तक पढ़ा लिखा है और खेती बाड़ी का काम करता है। जबकि उसका साथी गुरविंद्र सिंह कम पढ़ा लिखा है और मजदूरी का कार्य करता है।