पंजाब के नकोदर विधानसभा क्षेत्र के गांव चूहड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी गुरप्रताप सिंह वडाला की रैली में समर्थकों के बीच गोली चलने से सनसनी फैल गई। इस घटना में एक समर्थक के मुंह पर गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जालंधर के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है। घायल की पहचान चूहड़ गांव के ही सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। गोली लगने से सरबजीत की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक इलाज में जुटे हैं।
हमलावरों ने सरबजीत के मुंह पर गोली मारी है। उसकी हालत ठीक न होने पर सिविल अस्पताल नकोदर से जालंधर रेफर कर दिया है। सूचना पर डीसपी लखबिंदर सिंह, एसएचओ सिटी कृपाल सिंह और एसएचओ सदर परमिंदर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी हासिल की।
नकोदर के जिस गांव में गोली चली है, वहां अकाली दल के प्रत्याशी गुरप्रताप सिंह वडाला रैली में लोगों को संबोधित कर रहे थे। बताया जा रहा है कि कोरोना के इस दौर में भारी भीड़ जुटाकार नियम तोड़े जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक रैली खत्म हो चुकी थी, जिसके बाद वहां समर्थकों में आपसी रंजिश में मारपीट हो गयी और एक पक्ष के बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी, जिसमें से एक गोली सरबजीत के मुंह पर लगी।
नौ विधानसभा हलकों में 81 उड़नदस्ते कर रहे 24 घंटे निगरानी
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हर प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन की तरफ से नौ विधानसभा हलकों में 81 उड़नदस्ते 27 जीपीएस युक्त वाहन व 360 डिग्री कैमरों से लैस फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें निगरानी कर रही हैं। इन सभी की डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी घनश्याम थोरी ने समीक्षा की।
स्थानीय जिला प्रशासकीय परिसर में इन वाहनों की ऑनलाइन समीक्षा के दौरान डीसी ने कहा कि पैन टिल्ट जूम कैमरों के साथ लैस ये वाहन 24 घंटे अपने-अपने हलकों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। यदि कोई राजनीतिक पार्टी या उम्मीदवार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ भारतीय चुनाव आयोग के आदेश अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जालंधर जिले के नौ विधानसभा हलकों में 9-9 उड़ने दस्ते तैनात है, जिनमें 3-3 टीमें ऐसे वाहनों वाली हैं, जिन पर जीपीएस व कैमरे लगे हैं।