पूर्व एमएलए के पोते की हत्या का बदला लेने के लिए अंतर्राज्यीय अपराधी छोटू भाट पर डबवाली अदालत में फायरिंग की गई थी। हमले के तार पंजाब के गैंगस्टर तथा सोपू नेता लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ गए हैं। आरोपियों ने खुलासा किया है लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर ही वे उसकी हत्या करने आए थे।
अगस्त 2014 में संगरिया स्थित स्वामी केशवानंद ग्रामोत्थान विद्यापीठ में छात्रसंघ अध्यक्ष पद के चुनाव होने थे। अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल दिनेश बिश्नोई के समर्थन में रैली निकाली जा रही थी। टिब्बी बस अड्डा पर रैली पर कार सवारों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अबोहर के पूर्व विधायक सही राम धारणियां के पोते अमनदीप उर्फ सोनू (28) निवासी गांव सकताखेड़ा तथा गांव जंडवाला बिश्नोईयां निवासी संदीप उर्फ पेट्रोल (25) की मौत हो गई थी। पंजाब का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इसके लिए अंतर्राज्यीय अपराधी छोटू भाट को जिम्मेवार ठहरा रहा है।
करीब दो साल बाद हत्याकांड का बदला लेने के लिए डबवाली अदालत में पेशी के दौरान छोटू भाट पर फायरिंग की गई। शनिवार को शहर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह नौखा पहुंचे। हरियाणा पुलिस ने राजस्थान पुलिस द्वारा पकड़े गए चारों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने खुलासा किया है कि उपरोक्त मर्डर मामले में ही आरोपी बदला लेने आए थे। पकड़े गए युवक खुद को सोनू तथा पेट्रोल के रिश्तेदार बता रहे हैं।
पुलिस के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया था। एक आरोपी कार को स्टार्ट किए हुए था। एक शूटर था, जिसने छोटू भाट पर गोली चलानी थी। दो अन्य पुलिस से शूटर की सुरक्षा करने के लिए थे। शनिवार को पुलिस ने आरोपियों को नौखा स्थित सीजेएम बद्रीनाथ की अदालत में पेश किया।
अदालत ने चारों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। गौरतलब है कि पकड़े गए अबोहर निवासी संदीप, प्रवीण उर्फ गोगी, गांव गंगा निवासी बलदेव सिंह, जैतो मंडी (फरीदकोट) निवासी गोबिंद ने शुक्रवार को डबवाली अदालत में अंधाधुंध फायरिंग करते हुए छोटू भाट, एएसआई दलबीर सिंह, मुंशी आशू तथा गुरजंट सिंह निवासी घुकांवाली को घायल कर दिया था।
कौन हैं लॉरेंस बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई अबोहर का रहने वाला है। पंजाब के कई जिलों में अपराधिक मुकद्दमें दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वर्तमान में वह पंजाब की एक जेल में बंद है। पिछले कुछ समय में लौरेंस की छवि गैंगस्टर के रूप में बनी है। वह सोपू नेता है।
आरोपियों ने बताया है कि वे अंतर्राज्यीय अपराधी छोटू भाट को मारने के लिए आए थे। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम उगला है कि उसने ही उन्हें भेजा है। आरोपियों का कहना है अगस्त 2014 में हुए दोहरे हत्याकांड का मास्टरमाईंड छोटू भाट है। फिलहाल आरोपी रिमांड पर है। प्रॉडक्शन वारंट हासिल कर उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। जिसके बाद गहनता से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामले में लॉरेंस को नामजद किया जाएगा।
-सुखदेव सिंह, प्रभारी, शहर थाना, डबवाली