सिरसा के नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दो गुटों में कहासुनी होने पर खूनी संघर्ष हो गया। एक गुट के युवक ने इमरजेंसी वार्ड में अवैध कट्टे से गोलियां चला दीं। इस दौरान दो एंबुलेंस चालकों के पैरों में तो पांच अन्य युवकों को छर्रे लगे हैं। वहीं युवक ने अपने ही साथी को पकड़कर उसे सिर में गोली मार दी और फरार हो गया।
गंभीर अवस्था में युवकों को अग्रोहा में रेफर कर दिया यहां पर उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गोली चलने पर मामले की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस, एसपी डॉ. अर्पित जैन और डीएसपी साधुराम ने घटना स्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 11 बजे सदर बाजार में चंदन ब्रेकरी के पास तेलिया वाली गली निवासी दो युवक अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ललित सहित तीन युवक कार में सवार होकर आए और कुत्ता छीनने का प्रयास किया। इसको लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
इस घटना में कार सवार एक युवक घायल हो गया, जिसे पुलिस की डायल 112 गाड़ी अस्पताल में लेकर पहुंची। उक्त घायल युवक ने फोन कर रात करीब 12 बजे अपने दोस्तों को अस्पताल में बुला लिया। दूसरे पक्ष को भी मामले की सूचना मिली तो वह भी हथियारों से लैस होकर अपने साथियों को लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंच गए। यहां दोनों पक्ष नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी भवन में ही भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना में एक युवक कार से उतरकर अवैध पिस्तौल से गोलियां चलाते हुए इमरजेंसी भवन में पहुंच गया और वार्ड में गोलियां चला दीं। इस दौरान डॉक्टर के केबिन के बाहर एंबुलेंस चालक प्रदीप राठौर और सुरेंद्र कुमार के पैरों में छर्रे लगे, जबकि उसके साथ ही खड़े युवकों को भी छर्रे लगे हैं। गोलियों से बचने के लिए कर्मचारी और युवक कमरों में घुस गए और खुद को अंदर ही बंद कर लिया।
पिस्तौल लेकर आरोपी वार्ड में चक्कर लगाता रहा और भवन से बाहर की तरफ चला गया। ऐसे में उक्त युवक के पास उसका साथी पहुंचता है तो वह उसको भी पकड़कर सिर में गोली मार देता है। गोली लगने वाले युवक की पहचान जतिन निवासी शिव चौक के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने छर्रे लगने वाले पांच युवकों को वहीं पर ही हिरासत में ले लिया और नागरिक अस्पताल के यार्ड रूम में उन्हें भर्ती करवा दिया। जतिन को अग्रोहा रेफर कर दिया। यहां पर उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि एंबुलेंस चालक भी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अन्य सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इमरजेंसी वार्ड हुआ लहू लुहान, सामान के साथ भी हुई तोड़फोड़
इमरजेंसी वार्ड में गोली चलाए जाने के बाद वार्ड में चारों ओर खून बहने लगा। वार्ड में सामान के साथ तोड़फोड़ की गई है। एंबुलेंस चालक प्रदीप राठौड़ ने बताया कि काफी संख्या में युवक इमरजेंसी भवन में पहुंचे थे और उन्होंने आपस में लड़ाई करनी शुरू कर दी थी। इस दौरान एक मरीज को डॉक्टर नेे रेफर किया था, जिसे ले जाने के लिए वे डॉक्टर के कमरे के बाहर खड़े थे। इसी दौरान हमलावर ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर के केबिन में छुपकर अपनी जानी बचाई। हालांकि उनके पैरों में कई छर्रे भी लगे हैं।
मौके पर पहुंचे एसपी और डीएसपी, खंगाले सीसीटीवी कैमरे
अस्पताल में हंगामा होने की सूचना मिलने के बाद एसपी डॉ. अर्पित जैन और डीएसपी साधुराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने नागरिक अस्पताल में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली। इसके बाद पुलिस की ओर से टीमों तीन टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापा कार्रवाई कर रही है।
नागरिक अस्पताल में हुई घटना के बाद स्थिति जांची गई है। आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामूली कहासुनी को लेकर घटना हुई है।
- डॉ. अर्पित जैन, एसपी, सिरसा