रोड़ी बाजार स्थित एक क्लाथ मर्चेंट्स से उसके ही कैशियर ने 11 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत मिलने पर फर्म के कैशियर के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रोहिणी दिल्ली निवासी निर्मल नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी रोड़ी बाजार में बजाज क्लाथ हाऊस के नाम से फर्म है। फर्म का दिल्ली से लेन-देन होता है। मलडी खेड़ा निवासी लवप्रीत उनकी फर्म में बतौर कैशियर कार्यरत था। वर्षों से कार्य करने के कारण वह विश्वासपात्र बना हुआ था। पिछले एक वर्ष के दौरान उसे विभिन्न फर्मों के लिए जारी किए गए चेक को अपने और अपनी पत्नी के नाम पर भुना लिया और उन्हें 11 लाख रुपये की चपत लगाई। निर्मल नरेश का कहना है कि आरोपी लवप्रीत उनकी फर्म का तमाम लेनदेन देखता था और उसके पास ही चेक बुक थी। भुगतान करने के लिए चेक पर पहले ही साइन करे हुए थे। धोखाधड़ी का यह सिलसिला पिछले एक वर्ष में चलता रहा। पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सहारण का कहना है कि आरोपी लवप्रीत के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा।