आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम को एक शख्स से पूछताछ करनी महंगी पड़ गई। यह शख्स गांव कोटली की महिला सरपंच का बेटा निकला। बुधवार को जब पुलिस टीम गांव में आई तो महिला सरपंच ने उस पर हमला कर उसे बंधक बना लिया।
महिला सरपंच और उसके परिवार के लोगों ने टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर और पुलिस कर्मचारियों के मोबाइल छीन लिए। इसके बाद महिला सरपंच के पति ने थाना प्रभारी को फोन करके कहा कि तेरी पुलिस टीम को हमने बंधक बना रखा है। थाना प्रभारी पुलिस फोर्स लेकर कोटली पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम को छुड़ाया। पुलिस ने महिला सरपंच, उसके पति, बेटा सहित 100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
25 अक्टूबर को जिले के आदर्श डिंग थाना की पुलिस टीम रात को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। देर रात करीब एक बजे पुलिस टीम को कोटली में एक युवक संदिग्ध रूप से अंधेरे में खड़ा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने युवक से उसका नाम पूछा तो उसने उलटा पुलिस अधिकारी से कहा कि ‘तुम मेरे इलाके में क्या कर रहे हो, जाओ यहां से’ यह सुनकर पुलिस टीम हैरान रह गई।
पुलिस कर्मचारियों ने जवाब देते हुए कहा कि देर रात घूमने वाले हर संदिग्ध से पूछताछ करना उनके लिए जरूरी है, तुम अपना नाम और पता बताओ। युवक पुलिस टीम को कुछ बताने के तैयार नहीं हुआ। पुलिस टीम उसे हिरासत में लेकर जब पुलिस थाने लाने लगी तो रास्ते में युवक ने पुलिस को बताया कि उसका नाम सुखदेव है और वह गांव कोटली की सरपंच स्वर्णजीत कौर का बेटा है।
पुलिस ने सुखदेव से कहा कि अपने बारे में पहले क्यों नहीं बताया। सुखदेव रास्त में पुलिस गाड़ी से नीचे उतरकर गांव लौट आया। उसने घर पहुंचकर अपनी मां स्वर्णजीत कौर और पिता देवलाल को बताया कि पुलिस उसे उठाकर ले गई थी। गांव की सरपंच स्वर्णजीत कौर ने पुलिस टीम द्वारा बेटे के साथ की गई पूछताछ को लेकर बदला लेने की ठान ली।
जांच करने पहुंची पुलिस टीम को घेरकर पीटा
26 अक्टूबर को आदर्श थाना डिंग में कोटली गांव से एक व्यक्ति की शिकायत आई थी। थाने मेें तैनात सब इंस्पेक्टर छबीलदास पुलिस टीम लेकर मामले की जांच के लिए कोटली रवाना हो गए। पुलिस टीम के गांव में जाते ही गांव की सरपंच स्वर्णजीत कौर, पति देवीलाल, बेटे सुखदेव सिंह ने करीब 100 समर्थकों के साथ पुलिस टीम को घेर लिया और हमला कर दिया।
सभी ने पुलिस कर्मचारियों को थप्पड़ और मुक्के-लात मारे। इतना ही नहीं पुलिस कर्मचारियों के मोबाइल भी छीन लिए। महिला सरपंच ने पुलिस टीम को बंधक बनाया लिया। इसके बाद डिंग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह को फोन किया गया। महिला सरपंच के पति देवी लाल ने थाना प्रभारी से कहा कि तेरी पुलिस टीम को बंधक बना रखा है हमने।
एसएचओ को हुई छुड़वाने में मुश्किल
थाना प्रभारी अवतार सिंह पुलिस फोर्स लेकर कोटली पहुंचे। उन्होंने सरपंच स्वर्णजीत कौर से पुलिस टीम को छोड़ने को कहा तो सरपंच थाना प्रभारी से ही भिड़ गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद सरपंच पुलिस टीम को छोड़ने को तैयार हुई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने मोबाइल फोन वापस लिए।
जाते समय महिला सरपंच और उसके परिवार ने पुलिस कर्मचारियों को धमकी दी कि आगे से गांव में आते समय ध्यान रखना। अवतार सिंह पुलिस कर्मचारियों को लेकर थाने पहुंचे और घायल साथी सब इंस्पेक्टर छबील दास का प्राथमिक उपचार करवाया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस टीम पर हमला करके उसे बंधक बनाने के आरोप में गांव कोटली की महिला सरपंच स्वर्णजीत कौर, उसका पति देवी लाल, पुत्र सुखदेव सिंह सहित 100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन लोगों ने टीम इंचार्ज एसआई छबील दास और पुलिस कर्मचारियों से मारपीट की। इसलिए इनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने, बंधक बनाने, छीना झपटी और धमकी देने का मामला दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अवतार सिंह इंस्पेक्टर, एसएचओ आदर्श थाना डिंग