फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसारिया बाजार प्रकरण में आया नया मोड

विज्ञापन
विज्ञापन
कारोबारी राजेश गोयल पर बुधवार रात पुलिस ने दर्ज किया केस, सुबह दुकान से हटाई सुरक्षा, शाम को मौखिक समझौता
विज्ञापन

सिरसा। हिसारिया बाजार प्रकरण मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता कारोबारी राजेश गोयल और उसके पुत्र पवन गोयल के खिलाफ बुधवार रात को केस दर्ज किया है। इसके बाद पिछले तीन दिनों से कारोबारी राजेश गोयल की सुरक्षा के लिए दुकान में तैनात पुलिस कर्मी भी वीरवार दोपहर वापस चले गए। वहीं कारोबारी राजेश गोयल ने अपने ऊपर दर्ज हुए केस को साजिश करार दिया है। घटना के पांचवें दिन पुलिस द्वारा केस दर्ज किए जाना पुलिस की मंशा पर सवालिया निशान लगाता है। वहीं शाम को दोनों पक्षों के बीच हलोपा नेता गोविंद कांडा की अध्यक्षता में मौखिक रुप से समझौता हो गया।
दुकानदार राजेश गोयल ने बताया कि हिसारिया बाजार में हथियारों से लैस होकर तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों से उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया था, लेकिन दुकान में तैनात पुलिस कर्मी दोपहर 12 बजे के बाद वापस चले गए। राजेश गोयल आरोप है कि पुलिस ने एक समुदाय को राजी करने के लिए उन पर झूठा केस दर्ज किया है। 29 सितंबर को जब उन्होंने एक युवक को दुकान समक्ष पेशाब करने से रोका तो उक्त युवक व उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। अब उल्टा उन पर ही मारपीट का आरोप लगाकर केस दर्ज किया गया है। इस मामले को लेकर व्यापार मंडल की मीटिंग बुलाई जाएगी। इसके बाद व्यापार मंडल अपना फैसला लेगा।
विज्ञापन

दोपहर को डीएसपी कालांवाली ने गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों से की बातचीत
वहीं गुरुवार दोपहर को गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों के साथ एसपी कार्यालय में कालांवाली के डीएसपी नर सिंह ने मुलाकात की। डीएसपी ने प्रतिनिधियों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की। गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने डीएसपी के समक्ष पुलिस की कार्यप्रणाली की निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की वजह से घटना को तूल दिया गया। पुलिस ने सरेआम आरोपियों को घुमाकर गलत किया। करीब एक घंटे तक डीएसपी के साथ उनकी बैठक हुई। बैठक में एमसी राजेश गुज्जर, रणजीत, दीपक, इंद्रोश, अंकुर सोनी, गुलाब उपस्थित थे।
शाम को हलोपा नेता गोविंद कांडा की मध्यस्थता में हुआ समझौता
शाम को गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों और व्यापारियों की हलोपा नेेता गोविंद कांडा की मध्यस्थता में शू कैंप पर बैठक हुई। इस मौके पर नगरपरिषद के पूर्व उप प्रधान लीलाधर सैनी भी थे। जबकि व्यापारियों की ओर से हीरा लाल शर्मा, अंजनि कनौजिया, जयप्रकाश, मास्टर रोशन लापल, जगदीप गोयल, राजेश गोयल, प्रेम शर्मा थे। व्यापारियों ने कहा कि आरोपियों को बाजार में घुमाने के लिए किसी भी व्यापारी ने पुलिस पर कोई दबाव नहीं बनाया। ये पुलिस का ही काम है। उन्हें नहीं पता कि पुलिस ने ये किसके कहने पर किया। दोनों पक्षों में काफी समय तक बातचीत चली। अंत में हलोपा नेता गोविंद कांडा और जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हीरा लाल शर्मा की अध्यक्षता में मौखिक तौर पर समझौता हो गया। हलोपा नेता गोविंद कांडा ने बताया कि दोनों पक्षों की गलतफहमियां दूर हो गई है।
घायल संदीप की शिकायत पर की कार्रवाई
पुलिस ने कारोबारी राजेश गोयल पर थेहड़ मोहल्ला निवासी संदीप कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में संदीप का कहना है कि 29 सितंबर 2018 को वह अपने दोस्त अमन के साथ बाजार में घूमने गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे वे दोनों हिसारिया बाजार पहुंचे। अमन शर्मा होटल के अंदर खाना लेने चला गया और वह निर्माणाधीन दुकान के समक्ष लघुशंका करने लगा। आरोप है कि इस दौरान राजेश गोयल व उसका लड़का पवन गोयल वहां आ गया और दोनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। अमन उसे छुड़ाने आया तो दोनों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। संदीप का कहना है कि जान बचाने के लिए वे दोनों शर्मा होटल में घुस गए। होटल के अंदर भी 10-15 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। मोनू गुर्जर ने उन्हें छुड़वाकर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने आरोपी कारोबारी राजेश गोयल व अन्य पर रास्ता रोकने व मारपीट का केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान
घटना के पांचवें दिन पुलिस द्वारा केस दर्ज किए जाना पुलिस की मंशा पर सवालिया निशान लगाता है। 29 सितंबर की रात को जब ये घटनाक्रम हुआ तो पुलिस घायल का बयान दर्ज करने अस्पताल क्यों नहीं गई अगले दिन हथियारों से लैस युवकों ने हिसारिया बाजार में उत्पात मचाते हुए वाहनों में तोड़फोड़ की तो पुलिस ने कारोबारी राजेश गोयल की शिकायत पर आरोपियों पर केस दर्ज किया। पुलिस चाहती तो इस दिन दोनों मामले में केस दर्ज कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को सरे बाजार में घुमाया, इससे गुर्जर समुदाय में रोष फैल गया। समुदाय के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ बाजारों में प्रदर्शन किया। अगर संदीप के साथ कारोबारी ने मारपीट की थी तो पुलिस को उसी दिन उसके खिलाफ केस दर्ज करना चाहिए था, जो पुलिस ने नहीं किया।
कोट्स
दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव और गलतफहमियां दूर कर दी गई है। मौखिक समझौता हो गया है। पुलिस को राजीनामा लिखित में दे दिया जाएगा।
गोविंद कांडा, हलोपा नेता।
हिसारिया बाजार के प्रकरण के मामले में दोनों पक्षों में मौखिक तौर पर समझौता हो गया है। पुलिस को राजीनामा लिखित में दे दिया जाएगा।
हीरा लाल शर्मा, अध्यक्ष, जिला व्यापार मंडल
जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष हीरालाल शर्मा व हलोपा उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा की मौजूदगी में हमारा दूसरे पक्ष के साथ मौखिक रूप से समझौता हो गया है।
राजेश कुमार , कारोबारी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें