सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत
चोपटा। खंड के गांव निर्बाण में वीरवार की सांय को हुए एक सड़क हादसे में 3 साल के बच्चे व उसके पिता की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक गांव निर्बाण निवासी पवन पुत्र वकील कस्वां अपने तीन साल के लड़के आयुष को लेकर रूपाणा रोड स्थित खेत में गया हुआ था। शाम को रूपाणा की तरफ से आ रही एक कार के आगे बच्चा आयुष आ गया। यह देखकर बच्चे को बचाने के लिए जैसे ही पवन उसकी तरफ दौड़ा, कार ने दोनों को कुचल दिया। राहगीरों व ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बता दें कि पवन अपने बाप का इकलौता पुत्र था। वहीं आयुष पवन की इकलौती संतान था। एक साथ दोनों बाप-बेटे की मौत का समाचार जैसे ही गांव में पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। चोपटा थाना के जांच अधिकारी भूसिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।