किसान सेवा केंद्र पर पेट्रोल की जगह डाला पानी
कालांवाली। तख्तमल-कालांवाली रोड पर स्थित किसान सेवा केंद्र पर मंगलवार को पेट्रोल में पानी की मिलावट को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रशासन को सूचना देने के घंटों बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुुंचा। जिस पर ग्रामीणों ने रोड जाम कर सरकार, जिला प्रशासन और पेट्रोल मालिक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेट्रोल पंप को तुरंत सील करने की मांग की। घटना के करीब दो घंटे बाद एसडीएम बिजेंद्र सिंह, डीएसपी नर सिंह और नायब तहसीलदार सुरेंद्र मेहता ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण पेट्रोल संचालक पर मामला दर्ज करने की मांग पर ही अड़े रहे। जिसके बाद नापतोल विभाग व इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारियों ने मौके पहुंचकर पेट्रोल व डीजल के सैंपल लिए और कम नापने वाली मशीन को सील किया।
किसान कुलदीप सिंह निवासी गांव तख्तमल ने बताया कि उसने मंगलवार सुबह कालांवाली जाते समय पेट्रोल पंप से 100 रूपये का पेट्रोल डलवाया था। जिसके बाद रास्ते में उसका बाईक बंद हो गया। जिस पर उसने कालांवाली पहुंचकर मिस्त्री से बाइक की जांच करवाई तो मिस्त्री ने तेल की टंकी में तेल में काफी पानी की मिलावट होने की बात कही। इस पर उसने ग्रामीणों को साथ ले जाकर पेट्रोल पंप से बोतल में तेल डलवाया। बोतल में तेल की जगह 95 प्रतिशत तक पानी आया। इसके बावजूद भी पेट्रोल पंप के कारिंदे की ओर से इंकार करने और पेट्रोल पंप संचालक राकेश कुमार की ओर से बरसात का पानी टैंक में चला जाने की बात कहने पर मामला बिगड़ गया और मौके पर जमा भीड़ ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और किसानों को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। घटना के घंटों बाद किसी भी अधिकारी के न पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। इस हंगामे के दौरान इकबाल सिंह निवासी गांव केवल भी बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंचा। इस मौके पर सरंपच प्रतिनिधि जगसीर सिंह, गुरनाम सिंह, मेजर सिंह, फौजी अवतार सिंह, जंटा सिंह, मलकीत सिंह, बलदेव सिंह मौजूद थे।
बॉक्स:
वहीं पेट्रोल पंप संचालक राकेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर किसी प्रकार की खराबी के कारण बरसात का पानी पाईपों में आ रहा है। उन्हें उसी समय पंप पर तेल के साथ आ रहे पानी की समस्या को दूर करवाना चाहिए था।
बाक्ॅस:
एसडीएम बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तख्तमल के किसान ने पेट्रोल में पानी की मिलावट होने की शिकायत की थी। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने उनकी देखरेख में पेट्रोल के सैंपल लिए हैं। नापतोल विभाग की ओर से भी मशीनों की जांच की। जिसमें दो मशीनों में कमी पाए जाने पर उन्हें सील किया गया है।