अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे करने वालों पर प्रशासन ने सख्ती करनी शुरू कर दी है। ऐसे मामले में जांच पूरी होने पर उपायुक्त ने गांव सहारणी और गुंसाइयाना के एक एक पंच को निलंबित कर दिया है, जबकि दो अन्य के खिलाफ जांच जारी है।
जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि गांव सहारणी के पंच सिंगाराराम और गुंसाइयाना के पंच पूर्ण सिंह के खिलाफ पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे करने कर शिकायतमिली थी। जिनकी संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों से करवाई गई तो पाया गया कि दोनों पंचों ने पंचायती भूमि पर कब्जा किया हुआ है। जिसकी रिपोर्ट उपायुक्त के समक्ष पेश की गई। दोनों पंचोें को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दो पंचों के खिलाफ जांच की जा रही है। पहले उन्हें नोटिस जारी किया गया है अगर उन्होंने कब्जा नहीं छोड़ा तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पंचायत राज अधिनियम 1994 की धारा 175 के तहत इस प्रकार की कार्रवाई की जाती है। अगर कोई सरपंच या पंच पंचायती भूमि पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पंचायती भूमि पर कब्जा करने वालों की सूची तैयार की जा रही है जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।