अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जींद में अमित शाह की रैली में पुलिस कर्मियों के व्यस्त होने का चोर और लुटेरे जमकर फायदा उठा रहे हैं। पिछले दो दिनों में नगर में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हुए वहां से लाखों की नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
पहले मामले में चोरों ने शहर के अग्रसेन कालोनी स्थित गली नंबर आठ निवासी ओमप्रकाश के घर को निशाना बनाया। ओमप्रकाश के भतीजे की सोमवार रात्रि को हिसार रोड स्थित एक पैलेस में शादी थी। पूरा परिवार शादी में शिरकत करने के लिए गया हुआ था। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया और मकान के ताले तोड़कर वहां से करीब 75 हजार की नकदी, चार जोड़ी कानों की बालियां, 45 सोने की चूड़ियां, दो सोने की 10 तोले की चेन, एक अंगूठी, एक तीन तोले का संगम सेट, चार अंगूठी, दो पाजेब और चुटकी की जोड़ी, दो जोड़ी झुमके और 25 चांदी के सिक्के चुरा लिए। सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे तो मकान के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब सामान संभाला तो उक्त सामान गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर आकर निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर तथ्य जुटाए।