अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली (सिरसा)।
सिरसा रोड पर स्थित एक टी-स्टाल संचालक का सोमवार सुबह भूमि विवाद को लेकर कुछ युवकों ने सिर पर कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कृष्ण पाल उर्फ चिन्ना पुत्र सूरज सिंह निवासी वार्ड 19 चौहान नगर के तौर पर हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई कुलदीप सिंह के बयान पर रमनदीप और दो-तीन अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि उसका भाई कृष्ण पाल उर्फ चिन्ना सपरिवार अपनी माता के साथ चौहान नगर में रहता था और सिरसा रोड पर स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के समीप टी-स्टाल लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसने बताया कि वह स्वयं राजकीय स्कूल में बतौर अध्यापक कार्यरत है। सोमवार सुबह उसे सूचना मिली कि उसके भाई कृष्ण पाल की रमन कुमार निवासी शिव नगर और दो-तीन अन्य युवकों ने कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी है, जब वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि उसके भाई का शव खून से लथपथ उसकी टी-स्टाल खोखे के समीप पड़ा था और पास ही कुल्हाड़ी भी पड़ी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई उपरांत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। शहर थाना पुलिस के एसआई रामनिवास और एएसआई वजीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर रमनदीप निवासी शिव नगर डबवाली तथा दो-तीन अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
डेरे की भूमि को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार कुछ समय पूर्व कृष्ण पाल उर्फ चिन्ना शिव नगर स्थित डेरे में रहता था। जिस 1200 स्क्वायर फिट भूमि पर डेरा स्थित था, उसके मालिक बाबूराम ने उक्त भूमि कृष्ण पाल उर्फ चिन्ना को दान में दे दी थी, लेकिन उसके पौत्र रमनदीप को यह बात नागवार गुजरी। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि को खाली करवाने के लिए रमनदीप का इससे पहले भी कृष्ण पाल से कई बार विवाद हो चुका था। परंतु काफी समय से कृष्णपाल डेरे में नहीं जा रहा था और उसने सिरसा रोड पर अपनी टी-स्टाल का खोखा लगा लिया था, लेकिन रमनदीप डेरे की भूमि को लेकर कृष्ण पाल से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते सोमवार की सुबह रमनदीप अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ उसकी टी-स्टाल पर आए और तेजधार हथियारों से हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर वहां से फरार हो गए।