डीजे के जनरेटर की तार से पिकअप में आया करंट, बच्चा व युवक झुलसे
सिरसा। रानियां रोड स्थित बाबा तारा कुटिया में कांवड़ चढ़ाने जा रहा पिकअप सवार बच्चा गाड़ी में लगे जनरेटर की तार जलने से करंट की चपेट में आकर झुलस गया। बच्चे के शोर मचाने पर एक अन्य युवक उसे बचाने के लिए गाड़ी पर चढ़ने लगा तो उसका भी एक पैर करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद वहां डांस कर अन्य युवकों ने जनरेटर बंद कर दोनों घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। बच्चे की जहां कमर झुलसी है, वहीं युवक के एक पैर का पंजा बुरी तरह झुलस गया। घायलों की पहचान करीब 8 वर्षीय विकास पुत्र दिनेश निवासी समस्तीपुर बिहार हाल शमशाबादपट्टी सिरसा व करीब 22 वर्षीय सुनील पुत्र रामकुमार निवासी शमशाबाद पट्टी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शहर के शमशाबादपट्टी निवासी कुछ युवक बुधवार रात को हरिद्वार से बुधवार को कांवड़ लेकर आए थे। पिकअप गाड़ी में डीजे लगा हुआ था और सभी कांवड़िए डांस कर रहे थे। इस दौरान विकास पिकअप के उपर बैठा था। तभी डीजे के लिए पिकअप में लगाए गए जनरेटर की तार अचानक गर्म होकर जल गई। तार जलकर पिकअप की लोहे की बॉडी से टकरा गई। गाड़ी में करंट आने से गाड़ी पर बैठा बच्चा विकास झुलस गया। उसके शोर मचाने पर जैसे ही सुनील दौड़कर गाड़ी पर चढ़ने लगा तो वह भी गाड़ी में आए करंट की चपेट में आ गया। उसके पैर का एक पंजा करंट से झुलस गया। जबकि हाथों में भी जोरदार झटका लगा। उनके शोर मचाने पर डांस कर रहे लोग दौड़कर आए और किसी तरह जनरेटर को बंद कर दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।