न्यूज एजेंसी के मालिक के घर लाखों की चोरी
अलमारी में रखे 15 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ, कुछ परिचितों पर जताया संदेह
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर में एक न्यूज एजेंसी के मालिक के घर चोर ने सेंध लगाकर लाखों के जेवरात चुरा लिए। पुलिस ने एजेंसी मालिक प्रदीप सर्राफ की शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर शिकायतकर्ता ने कुछ परिचितों पर संदेह जाहिर किया है। इसलिए पुलिस संदेह के दायरे में आने जो भी लोग है उनसे पूछताछ में जुट चुकी है। चोरीशुदा जेवरात की कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी प्रदीप सर्राफ शहर में न्यूज एजेंसी चलाते हैं। प्रदीप सर्राफ का कहना है कि उनके रिश्तेदारी में 21 जून को समारोह था। इसलिए उनकी पत्नी ने सोने और डायमंड के जेवरात अलमारी में रख दिए थे। किसी कारण वश समारोह की तारीख आगे रख दी गई और जेवरात अलमारी में ही पड़े रहे। 13 जुलाई को जब अलमारी खोली तो सारे जेवरात गायब मिले। यह देखकर परिवार वालों के होश उड़ गए। प्रदीप सर्राफ और परिवार वालों ने अपने स्तर चोर की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना और शिकायत दी गई। प्रदीप सर्राफ ने पुलिस को बताया है कि परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे ऐसे में कोई बाहरी तत्व घर में नहीं घुसा। न गेट का ताला टूटा और कमरे में कोई सामान भी बिखड़ा नहीं मिला। ऐसे में अलमारी से जेवरात चोरी करने का काम किसी परिचित का ही है। घटना को वो ही परिचित अंजाम दे सकता है, जिसका उनके घर में अच्छा आना जाना है। परिचित को अच्छी तरह पता था कि अलमारी की चाबी कहां पड़ी होती है। परिवार वालों ने ऐसे की कई परिचितों पर संदेह जताया है जो जिनका चोरी में हाथ हो सकता है।
हर करीबी से हो रही है पूछताछ
प्रदीप सर्राफ की शिकायत पर फिलहाल अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की गई है। परिवार वालों ने जिन लोगों पर संदेह जताया है उन सभी से गहन पूछताछ की जाएगी। जल्द से जल्द चोरी की इस गुत्थी को सुलझाया जाएगा।
-सुभाष कुमार, जांच अधिकारी।