वाटर वर्क्स की डिग्गी में डूबने से पुस्तक विक्रेता की मौत
डबवाली। निकटवर्ती पंजाब क्षेत्र में स्थित वाटर वर्क्स की डिग्गी में डूबने से गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने हरियाणा बुक डिपो का संचालन करने वाले दीपक सिंगला उर्फ बिट्टू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची लंबी थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मलोट के सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दीपक सिंगला उर्फ बिट्टू प्रतिदिन वाटर वर्क्स की डिग्गियों में मछलियों को आटा डालने के लिए जाया करता था। रोजमर्रा की तरह बीती रात्रि लगभग 9 बजे दीपक मछलियों को आटा डालने के लिए गया था लेकिन घर वापस नहीं लौटा। देर रात्रि तक वापिस न लौटने पर परिजनों द्वारा दीपक की तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को सुबह दीपक का शव वाटर वर्क्स की डिग्गी में तैरता दिखाई दिया तो इसकी सूचना वहां के कर्मचारी ने लंबी पुलिस को दी। लंबी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को डिग्गी से बाहर निकलवाया और उसकी जेेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचित किया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।