सिरसा। बैंक से लोन दिलवाने वाले एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने हिसार और सिरसा के दो लोगों से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। ग्राहकों की लोन की मांग से ज्यादा पैसा निकलवा कर कंपनी के कर्मचारियों ने अपने खातों में डलवा लिया। कंपनी को जब ग्राहकों ने शिकायत दी तो कंपनी के मालिक ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में पानीपत निवासी विरेन्द्र ने बताया कि वह प्रगति वैल्थ कंपनी का मालिक है, जो कि बैकों की चैनल पार्टनर है। उनकी कर्मचारी रितु कुमारी निवासी गांव शाहपुर बेगू व कर्मचारी राम कुमार निवासी परमार्थ कालोनी, सिरसा ने बैकों से लोन दिलवाने के नाम पर ग्राहकों से ठगी की है। उन्होंने बताया कि रितु कुमारी ने 4-5 ग्राहकों के दस्तावेज फाइल कंपनी के कर्मचारी प्रवीण कुमार को लोन करवाने हेतु दी थी। दस्तावेज दुरुस्त पाये जाने पर लोन की फाइल आगे भेज दी गई। बैंक ने उक्त 4-5 ग्राहकों का लोन पास कर दिया। परंतु उक्त दोनों आरोपियों ने बैंक से ग्राहकों की जरूरत से ज्यादा धनराशि का लोन पास करवा लिया। बाद में उन्हीं ग्राहकों से बैंक में वापस पैसा जमा करवाने के नाम पर खाली चेक पर हस्ताक्षर लेकर बकाया लोन की राशि को अपने स्वयं के खातो में ट्रांसफर करवा लिया। उक्त दोनों ने बैंक ग्राहक संजय कुमार निवासी कीर्ति नगर सिरसा के 3,32,548 रुपये व अमित कुमार निवासी हिसार से 7,00000 रुपये की राशि अपने खाते में डलवा ली थी।