सिरसा। आर्थिक अपराध शाखा पुलिस हिरासत में आरोपी क्लर्क
सिरसा। वर्ष 2022 में रोजगार कार्यालय में हुए 14.22 लाख रुपये के गबन के मामले में तीन साल की जांच के बाद जिले पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान आरोपी से गबन की गई राशि बरामद की जाएगी।
वर्ष 2022 में पुलिस को दी शिकायत में जिला रोजगार अधिकारी ने बताया था कि मुकेश कुमार रोजगार कार्यालय में सक्षम युवा योजना के तहत क्लर्क के पद पर कार्यरत था। 30 सितंबर 2020 से लेकर 28 दिसंबर 2020 तक उसने सरकारी पासवर्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए खुद की फर्जी गूगल शीट तैयार कर ली। इस दौरान उसने गलत लोगों को लाभ पहुंचाकर सरकारी राजस्व से करीब 14 लाख 22 हजार रुपये का गबन किया है। ऑडिट की जांच रिपोर्ट में यह मामला सामने आया था। इसके बाद विभाग की ओर से मामला दर्ज करवाया गया था।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि जांच के दौरान आर्थिक अपराध शाखा की पुलिस टीम ने आरोपी को शहर सिरसा से काबू कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर गबन की राशि बरामद की जाएगी।