सिरसा। शहर की नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में स्थित मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर बुधवार को हुडा चौकी पुलिस ने छापा की। इस दौरान घर से प्रतिबंधित 1755 गोलियां व 680 कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल स्टोर को सील कर आरोपी स्टोर संचालक को हिरासत में ले लिया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामकुमार ने बताया कि बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार व हुडा चौकी इंचार्ज अशोक कुमार को सूचना मिली थी कि नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित वैदेही मेडिकल स्टोर का संचालक जयंत कुमार प्रतिबंधित दवाइयां बेचने का धंधा करता है। मेडिकल स्टोर के पास ही उसका घर है। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर छापे मारा। इस दौरान घर से प्रतिबंधित दवा की 1755 गोलियां व 680 कैप्सूल बरामद हुए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला है कि वह गांव बप्पा का रहने वाला है और काफी समय से नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में घर बनाकर रह रहा है। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने आरोपी का मेडिकल स्टोर सील कर दिया है।