शहर के बाजार से अतिक्रमण हटाते हुए नगर परिषद की टीम
सिरसा। नगर परिषद की टीम ने सोमवार को बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों को ट्रेड टावर मार्केट में एक व्यक्ति रेहड़ी वालों से 20-20 रुपये प्रतिदिन के लेकर रेहड़ी लगाते हुए मिला। एसआई प्रवीण कुमार ने जब उक्त व्यक्ति को वसूली को लेकर फटकार लगाई तो उक्त व्यक्ति ने कहा कि वह माता के भंडारे के नाम पर चंदा ले रहा था। एसआई ने कहा कि भविष्य में अगर इस तरह की वसूली करता हुआ पाया गया तो एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इसके बाद संंबंधित व्यक्ति वहां से गायब हो गया।
नगर परिषद की टीम ने सोमवार को दुकानदारों व रेहड़ी पटरी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की। सड़कों पर अतिक्रमण के तौर पर लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड, होर्डिंग और अन्य सामान जब्त किया। एक ट्राॅली सामान डालकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचाया गया। नगर परिषद की टीम को देखकर बाजारों में दुकानदारों ने अपने आप अपना सामान अंदर कर लिया।
अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी है कि वे अतिक्रमण करके आम जनता के लिए परेशानी खड़ी न करें। उन्होंने कहा कि इससे सड़कें तंग हो जाती है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा, अतिक्रमण दुकानदारों के लिए भी हितकारी नहीं है क्योंकि तंग व भीड़भाड़ वाले बाजार में ग्राहक भी आना पसंद नहीं करते, जिससे व्यापार पर विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अतिक्रमण के बारे में नगर परिषद को जानकारी दें, ताकि बाजारों में किसी भी प्रकार का कोई भी अतिक्रमण न करे।