डिंग मंडी। पुलिस ने डिंग थाना क्षेत्र के एक युवक को न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर 6.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मनोहर लाल व गौतम निवासी योग नगर,फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पिता-पुत्र को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की राशि बरामद की जाएगी। इसके साथ ही अन्य साथियों के पते ठिकाने मालूम किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि इस संबंध में राजविन्द्र सिंह निवासी नरेल खेड़ा जिला सिरसा की शिकायत पर डिंग थाना में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पीड़ित युवक को न्यूजीलैंड न भेज कर उसके साथ ठगी की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियोग दर्ज कर जांच शुरू है। इसमें जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने आमजन से भी आह्वान किया है कि स्टडी व वर्क वीजा का पत्राचार करते समय सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इमीग्रेशन सेंटर संचालकों से ही संपर्क करें तथा इस दिशा में पूरी सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए हैं।