सिरसा। नेशनल हाईवे नौ पर एक तेज रफ्तार गाड़ी ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव नेजाडेला कलां निवासी जयचंद का नेशनल हाईवे नौ पर स्थित सेक्टर 25 के पास ढाबा है। 31 दिसंबर की देर रात को जयचंद सड़क पार कर रहा था कि अचानक डबवाली की ओर से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जयचंद को उसके पुत्र वेद प्रकाश ने नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होते देख उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक जनवरी को जयचंद की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना सिरसा पुलिस अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस का कहना है कि मृतक के पुत्र वेद प्रकाश का बयान दर्ज करके अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।