सिरसा। ऐलनाबाद में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत वीरवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री सोम प्रकाश ने शिरकत की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं क्रियान्वित की है। आज देश विकसित, खुशहाल व ताकतवर बन रहा है। सामूहिक योगदान से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना पूरा किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टाॅलों का निरीक्षण किया। इस मौके पर सांसद सुनीता दुग्गल मौजूद रही।
केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को सशक्त और समृद्ध बनाने की नीतियां देश को नई ऊंचाइयों की ओर लेकर जा रही हैं। हर क्षेत्र में देश तरक्की कर रहा है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएं। सरकार करोड़ों लोगों को मुफ्त में राशन दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि हर परिवार के पास घर हो। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब वर्ग को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश सरकार की सराहना की।
यात्रा का लक्ष्य आमजन को सरकार की योजनाओं के बारे में बताना
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि यात्रा का लक्ष्य आमजन को सरकार की योजनाओं से अवगत करवा कर उनको लाभ देना है। यह यात्रा प्रदेश के लाखों पात्र नागरिकों को योजनाओं के साथ जोड़ने का कार्य कर रही है। देश को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाने के लिए हर व्यक्ति को विकसित राष्ट्र की सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। प्रदेश सरकार घर द्वार पर आकर लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दे रही है।
उज्जवला योजना तहत वितरित किए सिलिंडर
इस मौके पर पात्रों को मौके पर ही उज्जवला योजना के तहत गैस सिलिंडर का वितरण किया गया। इस दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों व नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर ऑनलाइन पेंशन, आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया गया। कार्यक्रम में मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत विभिन्न विभागों के लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानी के अनुभवों को भी साझा किया।