सिरसा। अदालत के आदेशों पर खेत में पराली जलाने पर दो किसानों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी गुरपाल सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी फूलों व बोहड़ सिंह पुत्र आत्मा सिंह निवासी खुईयां मलकाना को जांच में शामिल किया। प्रभारी थाना सदर डबवाली इंस्पेक्टर ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि 19 नवंबर व 27 नवंबर को हरसेक द्वारा जीपीएस लोकेशन पर गांवफुलो व दीवान खेड़ा में किसानों द्वारा पराली को आग लगाने पर अभियोग दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी गुरपाल सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी फुलों व बोहड़ सिंह पुत्र आत्मा सिंह निवासी खुईयां मलकाना को न्यायालय के आदेशानुसार जांच में शामिल करके न्यायिक प्रक्रिया अनुसार कार्रवाई की गई।
सीआईए ने अवैध पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित युवक को पकड़ा
सिरसा। जिला पुलिस की ओर से अवैध हथियार धारकों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इसी मुहिम के अंतर्गत सीआईए डबवाली प्रभारी उपनिरीक्षक राजपाल की टीम ने डबवाली से अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित आरोपी निर्मल सिंह निवासी गदराना को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस के अनुसार एक टीम गश्त के लिए डबवाली में मौजूद थी। सूचना मिली कि एक युवक के पास अवैध पिस्तौल है और कालांवाली भारत माला के पास खड़ा है। टीम ने तुरंत रेड कर युवक को अवैध पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित काबू किया। टीम ने लाइसेंस मांगा तो वह पेश न कर सका। आरोपी निर्मल को गिरफ्तार कर पुलिस ने अदालत में पेश किया और पुलिस रिमांड पर लिया।