ओढ़ां के पन्नीवाला मोटा में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ई-लाइब्रेरी से कंप्यूटर गायब ।
ओढां। गांव पन्नीवाला मोटा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्थित सरदार पटेल ई-लाइब्रेरी पर अनदेखी की धूल जमी हुई है। 2 वर्ष पूर्व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से इस ई-लाइब्रेरी को बनवाया गया था। इसका उद्घाटन 30 अगस्त 2022 को बिजली निगम के तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव आईएएस पीके दास व प्रबंधक निदेशक आईएएस पीसी मीणा ने किया था।
पहले ये लाइब्रेरी गांव में अन्य जगह बननी थी, लेकिन जगह न मिलने के चलते इसे सरकारी स्कूल के एक कमरे में स्थापित किया गया। कहा गया था कि इस ई-लाईब्रेरी को ग्राम पंचायत कमेटी बनाकर चलाएगी। करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनी इस ई-लाइब्रेरी में कुर्सियां, टेबल, 2 एसी, अलग-अलग केबिन, 4 कंप्यूटर, ई-बुक, इंटरनेट व किताबों सहित विभिन्न सुविधाएं हैं, लेकिन युवाओं को इसका कोई लाभ नहीं मिला।
लाइब्रेरी के लंबे समय से बंद पड़े रहने के चलते कंप्यूटरों व अन्य सामान पर धूल की मोटी परत चढ़ गई है। यहां तक की 2 कंप्यूटर भी वहां से नदारद हैं। पूछे जाने पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि वो 2 कंप्यूटर ऑफिस में लगाए गए हैं। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस ई-लाइब्रेरी में स्कूल के बच्चे तैयारी करते हैं। जबकि वास्तविकता ये है कि पिछले लंबे समय से इस लाइब्रेरी को खोला तक नहीं गया है। हालांकि स्कूल की अपनी अलग लाइब्रेरी भी है।
सरदार पटेल ई-लाइब्रेरी की स्थापना गांव के विद्यार्थियों के लिए हुई थी ताकि वे यहां पर परीक्षा और अन्य तरह की नि:शुल्क तैयारी कर सकें। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत निगम ने जब ये लाइब्रेरी गांव के लड़के-लड़कियों के लिए बनाई है तो उन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए। बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व गांव के युवा क्लब से इस लाइब्रेरी का लाभ गांव के युवाओं को मिलने की बात उठाई थी।
उस समय स्कूल प्रबंधन ने इस लाइब्रेरी की अभी तक अप्रुवल न आने की बात कही थी। 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो इसका स्कूल के विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा और न गांव के अन्य लड़के-लड़कियों को। इस लाइब्रेरी का चार्ज विद्यालय के एक अध्यापक के पास है। उनका कहना था कि पिछले काफी माह से इसे नहीं खोला गया।