गोरीवाला। गांव तिगड़ी में जमीन के विवाद में पिता पुत्र के साथ मारपीट करने व फायर करने का मामला सामने आया है। झगड़े में दो लोगों को गोलियां लगीं। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर इकबाल, अमृतपाल निवासी तिगडी, इकबाल के साले गोलु व काला सिंह निवासी हस्सु व जसवंत सिंह निवासी खोखर व दो तीन अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरसेक सिंह ने बताया कि उसने गांव तिगड़ी निवासी अवतार सिंह की खोखर रोड पर स्थित चार एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई है। अवतार सिंह के चचेरे भाई इकबाल सिंह व उसका भाई अमृतपाल जमीन को ठेके लेने वालों को परेशान करते हैं तथा लड़ाई झगड़ा करते हैं। इकबाल व अमृतपाल ने पहले भी उसके साथ दो बार झगड़ा किया कि तूने अवतार की जमीन ठेके पर क्यों ली। गुरसेवक सिंह ने बताया कि बीती 25 जून की रात करीब सवा दस बजे वह अपने पिता मक्खन सिंह के साथ जमीन में पानी लगाने के लिए जा रहा था। रास्ते में सड़क की पुलिया पर इकबाल, अमृतपाल, इकबाल के साले गोलु व काला सिंह, जसवंत सिंह व दो तीन और युवक खड़े थे, उनके पास हथियार थे। ऐसे में उक्त सभी ने उसे रोक लिया। इकबाल सिंह ने कहा कि खेत के पानी तोड़ने का मजा चखाते हैं। इसके बाद इकबाल सिंह व उसके साथियों ने उस पर व उसके पिता पर हमला कर दिया। गुरसेवक ने आरोप लगाया कि इकबाल ने पिस्तौल से उसे जान से मारने की नीयत से सीधा फायर किया जो बचाव के लिए उसने दाहिना हाथ उठाया तो फायर उसके हाथ में लगा। कुछ छर्रे उसके पेट पर भी लगे। दूसरे आरोपियों ने कृपाण व डंडों से उन पर हमला किया। जब उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई तो वहां अवतार सिंह, जगसीर सिंह पहुंच गए और उन्हें छुड़वाने लगे। इस पर जसवंत ने अपने हाथ में पिस्टल लेकर जगसीर पर फायर किया। बाद में शोर मचने की आवाज सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद वे आरोपित मौके से भाग गए।
गुरसेवक ने बताया कि उसके बाद परिवार वालों ने उसे व जगसीर सिंह को डबवाली अस्पताल में पहुंचाया जहां से उन्हें सिरसा अस्पताल और बाद में अग्रोहा मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया। इस मामले में एएसआई मदन लाल मामले की जांच कर रहे हैं।