सिरसा। गांव पनिहारी के पास घग्घर पर नया ब्रिज बनेगा। इससे रोड़ी की ओर जाने वालों का रास्ता आसान होगा और उन्हें पंजाब से होकर नहीं जाना पड़ेेगा। आसपास के 20 से ज्यादा गांवों के लोगों को इससे सीधा लाभ होगा। सरकार ने ब्रिज को मंजूरी दे दी है और पीडब्ल्यूडी ने इस पर काम शुरू कर दिया है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
गांव पनिहारी और आसपास के क्षेत्र के गांवों के लोगों को रोड़ी की ओर जाने के लिए घूमकर जाना पड़ता है। इन गांवों के लोगों को पंजाब के रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। इसलिए पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव बनाकर भेजा जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी। अब जल्द ही इस पर काम शुरू होगा और 20 से ज्यादा गांव के हजारों लोगों की राह आसान होगी।
23 मीटर चौड़ा होगा पुल
10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पुल 23 मीटर चौड़ा होगा। इस पर से बड़े वाहन भी गुजर सकेंगे। अब विभाग के अधिकारियों ने टेंडर की तैयारी कर ली है। जल्द ही टेंडर कॉल किया जाएगा और पुल का निर्माण शुरू होगा।
सड़क भी होगी चौड़ी, राहत मिलेगी
गांव रंगा-मत्तड़ से पनिहारी तक की सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। ये रोड अभी 12 फुट चौड़ी है, इसका विस्तार करके इसे 18 फुट तक चौड़ा किया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम होगी।
पनिहारी के पास पुल बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और जल्द ही टेंडर किया जाएगा। इससे आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा।
- कमलदीप राणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।