डबवाली। कस्बे के चौटाला रोड पर वीरवार रात को सड़क हादसे में वार्ड-5 कबीर बस्ती के बिंटू (47) की मौत हो गई। वह एक होटल में सफाई और रोटी बनाने का काम करते थे। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जांच अधिकारी एसआई राजकौर ने बताया कि अनमोल शिकायत दी कि वीरवार रात उसके पिता काम खत्म कर बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे। चौटाला रोड पर फास्ट फूड का काम करने वाले भाई-बहन गुरमीत और अंजलि रात के समय बाइक पर कचरा लेकर नई सब्जी मंडी रोड जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक को मोड़ा तो पीछे से उसके पिता की बाइक से टकरा गई। सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट करने पर बिंटू को एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना शहर एसआई आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि अनमोल के बयान पर बाइक चालक गुरमीत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।