प्रदेश में पंचायतों को सबसे पहले ऑनलाइन करने वाले रानियां खंड की 55 पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ दिया गया है। जिले का भड़ोलांवाली ऐसा पहला गांव बना है, जिसमें वाईफाई की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने सभी पंचायतों का रिकॉर्ड जांच कर इसका शुभारंभ किया।
इसके साथ ही डीसी ने ग्राम सचिवालय भड़ोलांवाली का उद्घाटन किया, जिसके जीर्णोद्धार पर आठ लाख की राशि खर्च की गई। इस ग्राम सचिवालय में अटल सेवा केंद्र, पटवार भवन, लोक शिक्षा केंद्र, बिजली निगम, आंगनबाड़ी केंद्र, कैंटीन, महिला-पुरुष शौचालय आदि एक ही स्थान पर बनाए गए हैं।
ग्रामवासियों को एक ही स्थान पर 117 सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। डीसी ने कहा कि गांव भड़ोलांवाली को वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने और खंड की 55 पंचायतों को इंटरनेट से जोड़कर एक सराहनीय कदम उठाया गया है, इसके लिए रानिया खंड निवासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अब रानियां खंड के सभी लोग अपनी पंचायतों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन नेट से देख सकते हैं और पंचायतों का विवरण भी ऑनलाइन ही मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति मात्र एक क्लिक से कहीं भी बैठकर पंचायत का ब्योेरा प्राप्त कर सकेगा।
पंचायत वहन करेगी इंटरनेट का पूरा खर्च
भड़ोलांवाली जिले का प्रथम गांव है, जिसमें इंटरनेट का प्रयोग कोई भी ग्रामीण नि:शुल्क कर सकता है और इंटरनेट का पूरा खर्च ग्राम पंचायत द्वारा वहन किया जाएगा। गांव की सीमा तक इंटरनेट प्रयोग करने के लिए नेटवर्क उपलब्ध रहेगा, कोई भी व्यक्ति मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर से वाई-फाई का प्रयोग कर सकता है।
उन्होंने कहा कि अभी एक खंड की पूरी पंचायत ऑनलाइन हुई है। धीरे-धीरे जिले की सभी पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए कार्य तेजी से करवाया जाएगा। डीसी ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। वहीं डीसी ने एलडीएम एमपी शर्मा से कहा कि वे ग्रामीणों को कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे में सिखाएं।
डीसी ने सम्मानित किए सचिवालय का जीर्णोद्धार करने वाले
डीसी ने ग्राम सचिवालय का जीर्णोद्धार करने वाले कामगारों को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया, जिनमें लकड़ी का कार्य करने वाले रामस्वरूप पंच, रामजीत सिंह, बिजली मिस्त्री बलतेज सिंह, राजमिस्त्री परमजीत सिंह, मंगासिंह, वेल्डिंग मिस्त्री सुखपाल सिंह, बंटी सिंह, पत्थर कारीगर बलजीत सिंह, अमरीक सिंह, पलंबर मिस्त्री श्रवण सिंह, सरदूल सिंह, पेंटर सुरेंद्र सिंह, फौजी सिंह आदि शामिल हैं।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी ऐलनाबाद प्रदीप दहिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रीतपाल सिंह, एलडीएम एमपी शर्मा, जिला प्रबंधक गुरजीत कौर, विकास यादव, डीएसपी सत्यवीर सिंह, नायब तहसीलदार रानियां सोमनाथ, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल बिश्नोई, बीईओ वीरेंद्र मेहता, सरपंच अमनदीप सिंह आदि उपस्थित थे।