चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार रात को घर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। सिक्योरिटी गार्ड ने रजिस्ट्रार को शिकायत देकर मामले की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा अन्य सिक्योरिटी गार्डों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार सीडीएलयू में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत रामकुमार पर गत रात्रि अज्ञात युवकों ने उस समय हमला बोल दिया जब वह ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहा था। राम कुमार ने बताया कि उसकी ड्यूटी दोपहर तीन से रात 11 बजे तक है। उसने बताया कि वह रविवार रात 11 बजे ड्यूटी पूरी होने पर घर जा रहा था।
यूनिवर्सिटी कैंपस से निकलते ही सड़क पर अंधेरे में खड़े दो-तीन लोगों ने अचानक उस पर लाठियों से हमला कर दिया। उसने बताया कि अंधेरे में वह दिखाई नहीं दिए लेकिन जैसे ही लाठी उसके मुंह पर लगी तो वह रुकने की बजाय वहां से बाइक तेज करके निकल गया। बाद में अपने भाई को साथ लेकर आया तो देखा कि वहां कोई नहीं था। राम कुमार ने कहा कि हमलावर कोई जानकार थे क्योंकि उन्हें पता था कि मैं वहां से निकलता हूं। सिक्योरिटी गार्ड ने सोमवार सुबह रजिस्ट्रार को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इसी प्रकार अन्य अन्य सिक्योरिटी गार्डों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी विवि प्रशासन के समक्ष उठाई है।