पाकिस्तान से हवा में उड़ कर आए गुब्बारे से शनिवार को उपमंडल प्रशासन में हड़कंप मच गया। गांव बेहरवाला के खेत में मिले इस गुब्बारे के चलते सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे मगर कोई आपत्तिजनक सामग्री न मिलने से पुलिस प्रशासन ने चैन की सांस ली।
शनिवार सुबह गांव बेहरवाला का किसान बलवंत भाकर जब अपने खेत में पहुंचा तो उसे एक गुब्बारा पड़ा मिला, जिसके साथ उर्दू भाषा में पर्ची भी बांधी हुई थी। किसान ने इसे संदिग्ध मानते हुए इसकी सूचना गांव के सरपंच विजय कुमार और पुलिस को दी। थाना प्रभारी राधेश्याम पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद डीएसपी जगदीश काजला और एसडीएम दिलबाग सिंह भी मौके पर पहुंचकर अन्वेषण के लिए चिकित्सकों की टीम को बुलाया। पर्ची पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ। जब किसी जानकार से पढ़वाया गया तो यह पाकिस्तान के कमालपुर स्थित सब्जी मंडी की दुकान की पर्ची थी। इस पर इंसाफ फ्रूट एंड सब्जी कमीशन एजेंट लिखा हुआ था और दो तीन लोगों के नाम लिखे हुए थे। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि पाकिस्तान से उड़कर आए इस गुब्बारे को संदिग्ध मानते हुए पुलिस प्रशासन ने इसकी जांच करवाई थी जिसमें किसी तरह की कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। संभवत यह हवा में उड़कर इधर आया हो, इसे प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।