पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव नेजाडेला के पास बीबीए के एक छात्र पर पांच युवकों द्वारा तेजधार हथियारों व डंडों से हमला कर दिया। सदर थाना पुलिस ने घायल युवक के बयान पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में बरनाला रोड निवासी कुनाल कुमार ने बताया कि वह जेसीडी विद्यापीठ में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। दो जून को वह अपनी बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए कॉलेज जा रहा था। रास्ते में खैरेकां निवासी दिवजोत कंबोज व उसके चार अन्य साथी तेजधार हथियार व डंडे लेकर उसे मारने के इरादे से उसकी ओर दौड़े। उनको देखकर उसने अपनी बाइक गांव नेजाडेला की ओर मोड़ ली लेकिन सभी युवक कार में सवार होकर उसका पीछा करने लगे।
कुनाल के अनुसार, जान बचाने के लिए वह खेतों की ओर भाग गया जहां उक्त सभी ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया और उसकी बाइक भी तोड़ दी। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग। जांच अधिकारी संजय का कहना है कि मामले की जांच जारी है । जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।