लूटी गई शराब व वारदात में प्रयुक्त कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। सीआईए स्टाफ कालांवाली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव दादू में शराब ठेके पर हुई लूट की वारदात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जसप्रीत सिंह, अवतार सिंह व जसविन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अंग्रेजी व देशी शराब तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली गई है।
एसपी जसलीन कौर ने बताया कि 30-31 मई 2026 की रात गांव दादू स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन सुरेन्द्र कुमार ठेके के अंदर सो रहा था। देर रात आरोपियों ने ठेके का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सेल्समैन के साथ मारपीट कर ठेके से 05 पेटी देशी शराब, 03 पेटी बीयर, 20 बोतल अंग्रेजी शराब व 5,500 रुपये नकदी लूटकर मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डबवाली के निर्देशानुसार प्रभारी सीआईए स्टाफ कालांवाली पीएसआई संजीव कुमार की टीम ने छानबीन शुरू की । पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी फुटेज, खुफिया सूचनाओं एवं गहन जांच के आधार पर संदिग्ध स्थानों पर छापा मारकर वारदात में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से लूटी गई शराब तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।