कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला को ज्ञापन सौंपती आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। लघु सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दर्शना सिंह को ज्ञापन सौंपा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी हड़ताल को 15 फरवरी तक बढ़ा दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक उनका धरना जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरने के दौरान किसानों के प्रदर्शन का भी समर्थन किया।
आंगनबाड़ी कार्यकारी प्रधान शकुंतला जगलान ने बताया कि पिछले दो महीने से उनका धरना प्रदर्शन जारी है। लेकिन विभाग की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दर्शना सिंह अभी तक धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं की मांगे सुनने तक नहीं आई है। वहीं दो बार प्रशासन के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक हो चुकी है। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। जिसके चलते उन्होंने अपने धरने को बढ़ा दिया है। जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपना धरना जारी रखेंगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के देहांत पर मौन
रविवार रात को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का हार्ट अटैक से देहांत हो गया। जिसके लिए धरनारत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें बेहद दुख है कि ऐलनाबाद ब्लॉक स्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश का देहांत हो गया है। कमलेश काम के मामले पूरी ईमानदारी से कार्य करती थीं। सभी वर्कर्स के साथ हमेशा हंस कर बोलती थी। जिसका बीती रात हार्ट अटैक से देहांत हो गया। जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
कालांवाली विधायक पहुंचे कार्यकर्ताओं से मिलने
आंगनबाड़ी के धरने पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाल पहुंचे। विधायक ने कार्यकर्ताओं की मांगों को सुना और उनका समर्थन किया। केहरवाला ने कहा कि भाजपा की सरकार में सब वर्ग सड़कों पर आ गया है। ये शर्म की बात है कि आज हमारे घर की बहन बेटियां अपनी मांगों के लिए सड़कों पर पिछले 2 महीने से बैठी है। ये सरकार के लिए बहुत बड़ी शर्म की बात है। वहीं दूसरी ओर हमारे किसान भाई अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन ये गूंगी बेहरी सरकार किसी भी बात को नहीं सुन रही है। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व हेल्पर्स ने अपनी मांगों का ज्ञापन विधायक को सौंपा ।
अनजान व्यक्ति के बदसलूकी के लगाएं आरोप
लघु सचिवालय के समक्ष बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किसी अनजान व्यक्ति पर कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगाएं है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके पास सोमवार को एक व्यक्ति आता है और उनसे कहता है कि वह गृहमंत्री अनिल विज का इंचार्ज है। वहीं व्यक्ति किसी पत्र पर उनके हस्ताक्षर करने की मांग कर रहा है। लेकिन व्यक्ति के पास न तो किसी प्रकार कोई आईडी कार्ड है और न ही देखने पर लगता है कि वह गृहमंत्री का इंचार्ज हो। जिस पर कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाएं है कि सरकार ने अपना कोई व्यक्ति भेजकर उनका आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की है।