बाबा भूमण शाह चौक पर धरना लगा प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी वर्कर्स।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। मांगों को लेकर लघु सचिवालय के समक्ष धरनारत आंगनबाड़ी वर्कर्स ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आवास का दोबारा घेराव करने का प्रयास किया। वर्कर्स प्रदर्शन करते हुए बाबा भूमण चौक पर पहुंची और आवास की तरफ जाने के लिए बैरिकेड के समक्ष खड़ी हो प्रदर्शन किया। पुलिस कर्मचारियों कीतैनाती के चलते कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोका गया। करीब आधा घंटा प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं के बीच एसडीएम जयवीर यादव पहुंचे। जिसके बाद एसडीएम ने आंगनबाड़ी वर्कर्स की उपमुख्यमंत्री के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया।
सोमवार को भी आंगनबाड़ी वर्कर्स का 20वें दिन लघु सचिवालय के समक्ष धरना जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री आवास की तरफ रुख किया। लेकिन बाबा भूमण शाह चौक पर तैनात पुलिस ने बैरिकेड लगा उन्हें आवास की ओर जाने से रोका। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला आवास पर आमजन की समस्या सुन रहे थे, जिसके चलते तीन थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ चौक पर तैनात रहे।
कार्यकर्ताओं ने चौक को जाम कर करीब आधा घंटा प्रदर्शन किया। जिसके बाद एसएडीएम जयवीर यादव मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम जयवीर यादव को ज्ञापन सौपा। वर्कर्स प्रमिला ने बताया कि जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को जो समस्याएं आ रही है उन्हें महिला एवं बाल विकास की अधिकारी दर्शन को कहकर समाधान करवाया जाएं। आंगनबाड़ी की कार्यकारिणी कार्य प्रधान शकुंतला जागलान ने बताया कि अगर 29 दिसंबर तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास का घेराव करेंगी।