बिजली के खंबे पर चढ़ कुंडी उतारते हुए कर्मचारी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। अनाज मंडी के समक्ष स्थित ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माण करने की शिकायत के बाद नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। जिसके बाद अब बिजली निगम की टीम ने वहीं पर कार्रवाई कर पार्क में चल बिजली चोरी के कनेक्शनों को भी काट दिया है। हालांकि बीती रात को गोबिंद कांडा इसी पार्क में बने नव निर्मित भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे।
सोमवार देर शाम को बिजली निगम के एसडीओ रमेश कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम जनता भवन रोड स्थित ग्रीन बेल्ट में पहुंची। यहां पर टीम ने लगे ट्यूबवेल, भवन और स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शनों को काट दिया और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इस दौरान टीम के साथ दो जेई और पुलिस बल भी उपस्थित रहा। निगम कर्मचारियों ने ग्रीन बेल्ट में चलने वाली लाइटों और अन्य बिजली उपकरणों के कनेक्शनों की जांच की तो सभी कनेक्शन डायरेक्ट पाए गए।
बीते दिन नगर परिषद ईओ ने रुकवाया था निर्माण कार्य
अनाज मंडी के समक्ष स्थित ग्रीन बेल्ट में श्याम मंदिर बनाने को लेकर चल रहे निर्माण कार्य अवैध होने की शिकायत के बाद नगर परिषद ईओ संदीप मलिक ने निर्माण कार्य रुकवा कर उन्हें नोटिस जारी कर दिया। जिसके बाद देर रात को गोबिंद कांडा यहां पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पहुंचे और ग्रीन बेल्ट का नामकरण भी कर दिया।