सिरसा। नागरिक अस्पताल में जन्म मृत्यु शाखा से संबंधित फीस एक वर्ष व दो वर्ष देरी से खजाने में जमा करवाने पर विभाग के साथ विश्वासघात और कपट करने की धारा लगा मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सहायक लक्ष्मण सिंह व ट्रेनिंग सहायक कमल किशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. बुधराम ने बताया कि लक्ष्मण सिंह सहायक लिपिक व एनएचएम के कमल किशोर सहायक ट्रेनिंग की ड्यूटी वर्ष 2016 से 2018 के बीच जन्म मृत्यु शाखा व मेडिकल शाखा में लगी हुई थी। कर्मचारियों ने मेडिकल शाखा व जन्म मृत्यु शाखा से संबंधित फीस प्राप्ति व सरकारी खजाने में जमा करवाने का काम किया जाता था। इस मामले में राजबीर ने वर्ष 2018 में सीएम विंडो पर शिकायत दी। जिसके बाद मामले की जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी कर्मचारी लक्ष्मण सिंह व कमल किशोर को उक्त अवधि में 29 लाख 2 हजार 168 रुपये प्राप्त हुए। परंतु उक्त कर्मचारियों ने एक लाख 93 हजार 800 रुपये करीब एक साल बाद व 4 लाख 90 हजार 375 रुपये दो वर्ष बाद सरकारी खजाने में जमा करवाए हैं। इस मामले में सीएम विंडो पर जारी निर्देशानुसार जिला एटॉर्नी सिरसा से आगामी कार्रवाई के लिए राय मांगी गई। जिसके पश्चात दोनों कर्मचारियों के खिलाफ जेजे कॉलोनी चौकी पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 477-ए व 409 के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो बार पहले भी हुई थी मामले की जांच
सीएम विंडो में शिकायत दिए जाने के बाद सीएमओ की ओर से मामले की दो बार जांच करवाई गई थी। पहले अकाउंट ऑफिसर की ओर से मामले की जांच की गई। जबकि इसके बाद एसएमओ की ओर से जांच करवाई गई। जिसके बाद एनएचएम के तहत लगे कर्मचारी को चार्जशीट कर दिया गया और अब मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने विभाग के साथ विश्वासघात करने और कपट करने की धारा लगा मामला दर्ज किया है।
जन्म मृत्यु शाखा से संबंधित फीस देरी से खजाने में जमा करवाने के मामले में दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। इस मामले में कर्मचारी लक्ष्मण सिंह को पहले चार्जशीट किया गया था। दोनों कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस जांच करेगी। अगर आरोप सही पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. बुधराम, डिप्टी सिविल सर्जन।