परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र के माध्यम से विचार - विमर्श करते विद्यार्थी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। वीरवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में स्नातक व स्नातकोत्तर की परीक्षाएं आरंभ हुई। परीक्षाओं को दो चरणों में लिया गया। सभी सेंटरों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण रही। लेकिन परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा के जिन विद्यार्थियों ने रोल नंबर पहले से नहीं लिए हुए थे उन्हें इधर से उधर विभागों के चक्कर काटने पड़े। वहीं दूर के क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों को भी रोल नंबर लेने के लिए मेहनत करनी पड़ी और कॉलेजों के विद्यार्थी भी भटकते हुए नजर आए।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, नेशनल कॉलेज में स्नातक की परीक्षाएं आयोजित की गई। जिसके दौरान विद्यार्थियों को परीक्षाओं से पहले विभागों के चक्कर काटने पड़े। दरअसल विश्वविद्यालय ने संबंधित विभागों में विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी किए है। जिससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को तो रोल नंबर उन्हीं के विभागों में मिल गया। लेकिन कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी और दूर के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को मेहनत करनी पड़ी। कॉलेजों द्वारा विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी नहीं किए है वहीं विश्वविद्यालय द्वारा कोई वेबसाइट भी नहीं दी गई। जिससे विद्यार्थी अपने रोल नंबर निकलवा सके।
विद्यार्थी करण, ज्योति अरोड़ा, पायल, सोनू ने बताया कि उनके रोल नंबर कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी नहीं किए जा रहे। जिसके बाद वह साइबर कैफे में भी रोल नंबर निकलवाने के लिए जा रहे है। लेकिन वहां पर भी रोल नंबर नहीं दिख रहे हैं। जिसके कारण सुबह से परेशान हो रहे है। कभी कंट्रोलर कार्यालय जा रहे हैं तो कभी रजिस्ट्रार ऑफिस। लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। दोपहर वाले सेशन में सबकी परीक्षाएं है। लेकिन अभी तक रोल नंबर नहीं मिले है। निजी कारणों से पहले रोल नंबर लेने के लिए नहीं आ पाए। वहीं वेबसाइट के माध्यम से रोल नंबर निकला ही नहीं। सबको लगा कि हर बार की तरफ परीक्षा से पहले कॉलेज में रोल नंबर मिल जाएगा। लेकिन कॉलेज प्रशासन ने रोल नंबर देने से मना कर दिया।
विद्यार्थियों के धरना प्रदर्शन के बाद विवि ने मानी मांगे
विद्यार्थियों द्वारा पिछले तीन दिनों से धरना प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की मांगे मानी ली और विवि ने परीक्षाएं प्रारंभ करवाई। धरना प्रदर्शन के बाद पहले दिन विद्यार्थियों की परीक्षाएं शांतिपूर्वक समाप्त हुई। वहीं विवि के कुछ संगठनों द्वारा परीक्षाओं के वहिष्कार की भी घोषणा की गई है। जिसके तहत विद्यार्थी परीक्षाएं नहीं दे रहे। विद्यार्थियों को अब परीक्षाओं में एनी फाइव का ऑप्शन दिया गया है। वहीं जो विद्यार्थी किसी मजबूरी के कारण परीक्षा नहीं दे पा रहे हैं, वे मार्च में परीक्षा दे सकते हैं। वहीं कुछ विभागों द्वारा डेटशीट भी बदली गई है।
परीक्षा से पहले नोटस पढ़ती छात्रा ।- फोटो : Sirsa