सिरसा। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव शुक्रवार शाम को संपन्न हुआ। प्रधान पद पर आदित्य राठौर की जीत हुई। आदित्य राठौर ने अपने प्रतिद्वंदी जेबीएल गर्ग को 8 वोटों से हराया। कुल 1195 वोट पोल हुए, इनमें से आदित्य राठौर को 244 वोट मिले जबकि जेबीएल गर्ग को 236 वोट मिले।
उप प्रधान पद पर सीनियर एडवोकेट लक्की दुग्गल की 48 वोटों से जीत हुई। उन्हें 473 वोट मिले। हारने वाले एडवोकेट अमित कुमार वर्मा को 425 वोट मिले। वहीं सचिव पद पर जसविंदर सिंह सिंद्धू की बड़ी जीत हुई। उन्हें ये जीत 516 वोटों से मिली। उन्होंने एडवोकेट विकास कुमार ढिल्लों को हराया। एडवोकेट विकास कुमार ढिल्लो को 334 वोट प्राप्त हुए। विजेताओं के समर्थकों ने चुनाव परिणाम आने के बाद जमकर जश्न मनाया। सुबह 9 बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चला। शुरुआत में मतदान थोड़ा धीमा रहा, लेकिन दोपहर को इसमें काफी तेजी आई। शाम पांच बजे तक 1195 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
सिरसा बार के चुनाव में 1302 अधिवक्ताओं को मत का अधिकार प्राप्त था। सुबह जेजेपी सुप्रीमो अजय चौटाला भी वोट डालने पहुंचे। उम्मीदवार व उनके समर्थक बार रूम के बाहर खड़े होकर हर मतदाता से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील कर रहे थे। चैंबर कॉम्पलेक्स में अधिवक्ताओं की ओर से लंच का इंतजाम किया हुआ था। बता दें कि इस बार एडवोकेट राखी मौर्य को सर्वसम्मति से संयुक्त सचिव चुन लिया गया था।
-
मतदान प्रक्रिया का हुआ लाइव प्रसारण
इस बार चुनाव में खास बात यह रही कि मतदान प्रक्रिया का लाइव प्रसारण बार सदस्यों के लिए किया गया। बार सदस्य बार रूम में लगी बड़ी एलईडी पर लाइव मतदान होता देख रहे थे। चुनाव परिणाम का भी लाइव प्रसारण हुआ।
-
22 अधिवक्ताओं ने दबाया नोटा
इस बार कई अधिवक्ताओं ने नोटा का बटन दबाया। प्रधान पद पर नोटा को तीन, उप प्रधान पद पर 8 व सचिव पद पर 11 अधिवक्ताओं ने नोटा दबाया।
-
मोबाइल ले जाने पर रहा प्रतिबंध
इस बार मतदान केंद्र में मोबाइल और कैमरा लेकर जाने पर प्रतिबंध रहा। केंद्र में केवल मताधिकार प्राप्त अधिवक्ता व उम्मीदवारों के एजेंट ही जा सके। सिरसा बार एसोसिएशन ने आम चुनाव की भांति बार चुनाव में नोटा का विकल्प भी मतदाताओं के लिए रखा गया। वैसे एसोसिएशन के सदस्यों की संख्या काफी है, लेकिन वोट डालने का अधिकार उन्हें रहा जिन्होंने एसोसिएशन को यह शपथ पत्र दिया हुआ है कि वे वकालत के अलावा कोई दूसरा कारोबार नहीं करते।