गांव पनिहारी में सिलिंडर पकड़ने के बाद कार्रवाई करत अधिकारी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने वीरवार को अभियान चलाया। खाद्य आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में गांव पनिहारी में एक दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से 14 सिलिंडर बरामद हुए। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्रवाई देखकर एक दुकान संचालक मौके से फरार हो गया। इस पर अधिकारियों ने दुकान को सील कर दिया। वहीं गैस एजेंसी संचालक को भी नोटिस जारी कर रिकॉर्ड तलब किया गया है।
वीरवार को सुबह जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी प्रदीप कुमार, अतिरिक्त खाद्य आपूर्ति अधिकारी संदीप कुमार, ऋषिकांत, अंग्रेज सिंह की टीम ने गांव पनिहारी में अभियान चलाया। गैस सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए टीम ने दुकानों पर जाकर जांच की। इस दौरान पनिहारी स्थित धमीजा स्वीट्स से 5 व लालचंद की परचून की दुकान से 9 सिलिंडर बरामद किए। इतना ही नहीं एक अन्य दुकान पर भी छापा मारा लेकिन संचालक दुकान छोड़कर भाग गया। ऐसे में अधिकारियों ने उसकी दुकान को सील कर दिया। अब टीम जाकर सील खोलेगी और जांच करेगी।
भारत पेट्रोलियम के ज्यादा सिलिंडर मिले
पकड़े गए सिलिंडरों में भारत गैस एजेंसी के ज्यादा मिले हैं। ऐस में अधिकारियों ने एजेंसी संचालक को नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में सिलिंडर से संबंधित रिकॉर्ड तलब किया गया है। रिकॉर्ड आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि गांव में भारत गैस की गाड़ियां ज्यादा आती है, इसलिए उस पर सिलिंडर की कालाबाजारी करने का शक ज्यादा है।
गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए पनिहारी गांव में छापे मारे गए हैं। इस दौरान 14 सिलिंडर बरामद किए हैं। एक दुकान संचालक कुलदीप कुमार दुकान खुली छोड़कर फरार हो गया, इसलिए उस दुकान को सील कर दिया गया है। गैस एजेंसी को भी नोटिस जारी कर रिकॉर्ड तलब किया गया है। रिकॉर्ड आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-संदीप कुमार, अतिरिक्त खाद्य आपूर्ति अधिकारी, सिरसा।