सिरसा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार को फर्जी आधार कार्ड और अन्य फर्जी दस्तावेज के आधार पर छीना झपटी के मामले में बठिंडा के दोषी व्यक्ति की जमानत करवाने के मामले में आरोपी गांव कुलेरी, जिला हिसार निवासी अनिल को काबू किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से फर्जी दस्तावेज के इस नेटवर्क के बारे में विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
सिविल लाइन थाना से जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अदालत के आदेश प्राप्त हुए थे कि आरोपी अनिल ने छीना झपटी के एक मामले में बठिंडा पंजाब के एक दोषी व्यक्ति की जमानत के लिए अपने कागजात कोर्ट में जमा करवाए थे। कोर्ट की ओर से जमानतदार के दस्तावेज की जांच की, तो वे फर्जी पाए गए।
इस पर कोर्ट ने फर्जी आधार कार्ड के आधार पर जमानत लेने वाला अनिल कुमार को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा तो वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जांच अधिकारी ने बताया कि अदालत के आदेश प्राप्त होने पर आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सिविल लाइन थाना की एक पुलिस टीम में महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल को फतेहाबाद के नजदीक से काबू किया।