सिरसा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शनिवार को मोटरसाइकिल चोरी की घटना को सुलझाते हुए गांव लुदेसर निवासी आरोपी संदीप उर्फ सुनील को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है। आरोपी नशा करने का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही अक्सर चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव फरमाई कलां निवासी सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रेलवे पार्क सिरसा के सामने मोटरसाइकिल को खड़ा कर पार्क के अंदर चला गया था। पार्क से वापस आकर देखा तो मोटरसाइकिल कोई अज्ञात युवक चोरी करके ले गया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में सात नवंबर को मोटरसाइकिल चोरी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई।
जांच अधिकारी ने बताया कि सिविल लाइन थाना की एक पुलिस टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को टाउन पार्क डबवाली रोड सिरसा क्षेत्र से काबू कर लिया। आरोपी का आपराधिक रिकाॅर्ड खंगाला जा रहा है, चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।