ओढां। गांव नुहियांवाली में पराली की गांठों से भरी ट्रॉली के टायर के नीचे आने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार जिला मुक्तसर (पंजाब) के गांव कुराईवाला निवासी जगजीत सिंह अपने चचेरे भाई कुलवंत सिंह के साथ गांव करीवाला क्षेत्र से पराली की गांठों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर शुक्रवार देर रात को गांव नुहियांवाली में स्थित प्लांट में लेकर आ रहा था। ट्रैक्टर को कुलवंत सिंह चला रहा था, जबकि जगजीत साइड वाली सीट पर बैठा था।
रास्ते में नुहियांवाली के निकट बनवाला रोड पर नींद की झपकी आने की वजह से जगजीत का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर जा गिरा। जब तक कुलवंत कुछ समझ पाता तब तक ट्रॉली का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसआई मदन लाल ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई जगसीर सिंह के बयान पर फिलहाल इत्तफाकिया की कार्रवाई की है।