रोड़ी (सिरसा)। कस्बा रोड़ी निवासी करीब 19 वर्षीय बीटेक के छात्र की कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या का कारण 2 पक्षों में बहस होना बताया जा रहा है।
कस्बा रोड़ी निवासी जगजीवन सिंह सरदूलगढ़ (पंजाब) में स्थित एक कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि बीते दिनों किसी बात को लेकर जगजीवन व दूसरे पक्ष के लोगों के बीच बहस हो गई थी। इसी के चलते दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने शुक्रवार को सरदूलगढ़ के पुराने बाजार में जगजीवन पर सरेआम धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए जगजीवन को सरदूलगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मानसा रेफर कर दिया। लेकिन बीच रास्ते जगजीवन ने दम तोड़ दिया। वहीं इस घटना की सूचना पाकर जगजीवन के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही सरदूलगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। सरदूलगढ़ थाना प्रभारी बेअंत कौर ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सरदूलगढ़ निवासी हरप्रीत सिंह, तरसेम सिंह व सहजदीप सिंह के अलावा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक जगजीवन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।