सिरसा। मंडी डबवाली के बिश्नोई मार्केट में स्थित सेठी डिश टीवी सेंटर के ताले तोड़कर चोर 70 हजार रुपये की नकदी व हजारों रुपये का इलेक्ट्रोनिक्स का सामान ले गए। सुबह पड़ोस के लोगों ने दुकान मालिक को चोरी बारे सूचित किया। जिसके बाद दुकान मालिक मौके पर पहुंचा और सामान संभाला।
शिकायत में मंडी डबवाली निवासी कालू सेठी ने बताया कि उसकी बिश्नोई मार्केट में सेठी डिश टीवी के नाम से दुकान है। 8 मार्च की रात को वह रोजाना की भांति दुकान मंगल कर घर चला गया। देर रात को चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर दुकान में रखे गल्ले से 70 हजार रुपये की नकदी, 6 मधानी, 3 मिक्सी, एक एलसीडी चोरी कर ली। सुबह पड़ोस के दुकानदार ने इस बारे सूचित किया, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और सामान संभाला तो उपरोक्त सामान गायब था। जिसके बाद पहले अपने स्तर पर चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।