संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। श्रम विभाग की ओर से पंजीकृत श्रमिकों को साइकिल खरीदने पर 3000 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। विभाग का उद्देश्य है कि श्रमिकों को अपने कार्यस्थल तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुलभ, किफायती एवं सुविधाजनक यातायात साधन उपलब्ध हो सके।
जिला जनसंपर्क अधिकारी रामनाथ ने बताया कि योजना के अनुसार, यदि कोई पंजीकृत कामगार साइकिल खरीदता है, तो उसे 3000 रुपये तक की राशि का भुगतान विभाग द्वारा किया जाएगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए कामगार को विशेष प्रपत्र-॥ में आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र सही और पूर्ण रूप से भरा होना चाहिए।
इन चीजों का रखना होगा ध्यान
- साइकिल खरीद से संबंधित आवश्यक विवरण देना भी जरूरी होगा।
- साइकिल की कीमत, ट्रेडमार्क (ब्रांड), खरीद का स्रोत तथा खरीद की तिथि का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
- यह सुविधा तीन वर्षों में केवल एक बार ही उपलब्ध होगी। एक श्रमिक इस योजना का लाभ तीन साल की अवधि में एक ही बार प्राप्त कर सकता है।
- इसलिए श्रमिकों को सलाह दी जाती है कि वे सभी शर्तों और आवश्यक दस्तावेज को ध्यानपूर्वक पूरा करके ही आवेदन करें।